जल जमाव से आक्रोशित महिलाएं पहुंची ओवरब्रिज पर, लगाया जाम

जल जमाव से आक्रोशित महिलाएं पहुंची ओवरब्रिज पर, लगाया जाम

गाजीपुर। बीते दिनों लगातार कई दिनों तक हुई बारिश से नगर क्षेत्र के तमाम इलाकों में चारों तरफ जल-जमाव हो गया था। खासकर रौजा क्षेत्र के कई इलाकों में घुठने भर लगने के साथ ही सैकड़ों लोगों के घरों में पानी घुस गया था, जो आज भी मौजूद थे। इससे आक्रोशित दर्जनों महिलाओं गुरुवार को दिन में दोबारा विशेश्वरगंज ओवरब्रिज पर जाम लगा दिया। इससे आवागमन ठप हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

मालूम हो कि बीते दिनों लगातार कई दिनों तक बारिश हुई थी। इससे विकास भवन, मिश्रबाजार, पीरनगर, चंद्रशेखर नगर कालोनी, रौजा क्षेत्र के बरहनिया, रजदेपुर देहाती, टेढ़वा सहित अन्य इलाकों में जल-जमाव हो गया था। बारिश थमने के एक-दो दिन बाद नगर के अन्य इलाकों का पानी तो निकल गया, लेकिन रौजा क्षेत्र के टेढ़वा, बरहनिया सहित अन्य इलाकों में जल-जमाव लगा रहा। इससे आक्रोशित लोगों ने बीते सोमवार को विशेश्वरगंज ओवरब्रिज पर जाम लगा दिया था।

मौके पर पहुंचे ए़डीएम अरुण कुमार सिंह जाम करने वालों से बातचीत करते हुए शीघ्र पानी निकासी का भरोसा दिलाया था। बावजूद इसके आज तक पानी निकासी की व्यवस्था नहीं गई। इससे गुरुवार को दिन में दोबारा परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और दर्जनों महिलाएं विशेश्वरगंज ओवरब्रिज पर पहुंच गई और हो-हल्ला के बीच जाम लगा दिया।

जाम होते ही आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। जानकारी होते ही सदर कोतवाल दीपेंद्र सिंह और यातायात प्रभारी अजय सिंह कसाना महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझा-बुझाकर आधा घंटा बाद जाम समाप्त कराया। जाम की वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

About Post Author