पूर्व अध्यक्ष डा. मारकंडेय सिंह के नेतृत्व में निकाली गई प्रभात फेरी

गाजीपुर। जय भारत महासम्पर्क अभियान के तहत तीसरे दिन शनिवार को सदर ब्लाक के ग्रामसभा बिंदवलिया में गांव के लोगों के साथ मुख्य अतिथि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डा. मारकंडेय सिंह के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान श्रमदान कर मंदिर के आसपास फैली गंदगी की साफ-सफाई की गई।इस अवसर पर डा. सिंह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा जय भारत महासम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत हम लोग पिछले तीन दिनों से गांव की जनसमस्याओं से रूबरू होने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर संपर्क कर रहे हैं। कहा कि प्रदेश में गांव के हालत बद से बदतर है। ग्रामीण मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। गांवों में बिजली, स्वच्छ पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा की व्यवस्था ना के बराबर है। गांव का नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहा है। रोजी-रोटी का एकमात्र साधन कृषि है, लेकिन उसके फसल की लागत तक नहीं निकल पा रहा है। ऊपर से सरकार जबरदस्ती कृषि कानून किसानों पर थोप रही है, जिससे किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए अरबों रुपया प्रचार-प्रसार में बर्बाद कर रही है, जिससे जनता में सरकार के प्रति आक्रोश व्याप्त हो जा रहा है।
कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने कहा कि गांव का नागरिक भाजपा के काले करतूत के बारे में भली-भांति समझ चुका है। आने वाले 2022 के चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें लिया है और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही गांव में खुशहाली होगी और हर नौजवानों को रोजगार मिलेगा, जिससे सभी समस्याओं का समाधान होगा। अभियान में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैलाशपति कुशवाहा, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव प्रभारी ओमप्रकाश पासवान, राजू राम, प्रभाकर चौबे, आदिल अख्तर, श्याम बिहारी बिंद, रूपचंद कुशवाहा, लालू राम, प्रमोद पासवान, बेचन शर्मा, मनोज यादव, प्रेमचंद बिंद, शंभू राम, विनोद (सदस्य बीडीसी), कुंदन कुमार, सुनील कुमार एवं ग्रामवासी उपस्थित रहें।