गंगा में छात्रा डूबी तलाश जारी

गंगा में छात्रा डूबी तलाश जारी
गाजीपुर जनपद के करण्डा थाना क्षेत्र के सोकनी घाट पर स्नान करते समय बुधवार की सुबह गंगा में डूबने से उजाला यादव(14) की मौत हो गयी। परिजनो ने मल्लाहों की सहायता से शव को खोजने का अथक प्रयास किया, किन्तु शव का कुछ अता पता नही चला। प्राप्त जानकारी के अनुसार उजाला यादव पुत्री ओमप्रकाश यादव अपनी दादी की मृत्यु का दशवा घाट नहाने सोकनी गंगा घाट अपने परिजनों के साथ गयी थी, नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी मे चली गयी। साथ मे नहाने गयी महिलाएं शोर मचाने लगी तो घाट पर उपस्थित लोग जब तक कुछ समझ पाते उजाला गहरे पानी मे खो गयी। लोगों ने उसे ढूढने का काफी प्रयास किया किंतु सफलता नही मिली। उजाला चार भाई बहनों में तीसरे नंबर पर थी और पास के विद्यालय रेशमा जूनियर हाई स्कूल में कक्षा 8 की छात्रा थी। मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। परिजन विलाप कर रोने लगे। मां निर्मला का रो-रोकर बुरा हाल है। ओमप्रकाश यादव ने अपनी पुत्री के गंगा में डूबने की सूचना थाना में दी है कि गंगा में डूबी उजाला का चेहरा लम्बा रंग गेहुंआ फ्रॉक टॉप पिंक कलर लोअर प्लाजो ब्लैक सफेद लाइन दार पहनी है। करण्डा गाजीपुर की तरफ गंगा का बहाव है। इस संबंध में थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ला ने बताया कि गोताखोरो को शव खोजने के लिए लगाया गया है, किन्तु सफलता नही मिली है, खबर लिखे जाने तक शव की तलाश जारी है।