पानी को लेकर फूटा गुस्सा, लोगों ने ब्रिज पर लगाया जाम एडीएम के आश्वासन पर एक घंटा बाद समाप्त हुआ जाम रौजा क्षेत्र के कई इलाकों में लगा है जल-जमाव, परेशान हैं हजारों लोग

पानी को लेकर फूटा गुस्सा, लोगों ने ब्रिज पर लगाया जाम

एडीएम के आश्वासन पर एक घंटा बाद समाप्त हुआ जाम

रौजा क्षेत्र के कई इलाकों में लगा है जल-जमाव, परेशान हैं हजारों लोग

गाजीपुर। बीते दिनों लगातार कई दिनों तक हुई बारिश से नगर क्षेत्र के तमाम इलाकों में चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई देने लगा था। रौजा क्षेत्र के कई इलाकों के साथ ही नगर के अन्य क्षेत्रों में अभी भी सड़कें और गलियां झील के रूप में तब्दील है। इससे आक्रोशित रौजा क्षेत्र के कई इलाकों के लोगों ने सोमवार को विशेश्वगंज ओवरब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। अधिकारियों ने पानी निकासी व्यवस्था का आश्वासन देकर एक घंटा बाद जाम समाप्त कराया।

मालूम हो कि बीते दिनों लगातार कई दिनों तक बारिश हुई थी। इससे विकास भवन, मिश्रबाजार, पीरनगर, चंद्रशेखर नगर कालोनी, रौजा क्षेत्र के बरहनिया, रजदेपुर देहाती, टेढ़वा सहित अन्य इलाकों में अभी भी पानी लगा हुआ है। मार्गों के साथ ही सैकड़ों लोगों के घर पानी से घिरे हुए है। इससे पीड़ितों का जीवन-बशर दुश्वार हो गया है। पीड़ितों द्वारा बार-बार संबंधित को अवगत कराने के बाद भी पानी की व्यवस्था न कराए जाने से सोमवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा। सुबह सैकड़ों महिला-पुरुष विशेश्वरगंज ओवरब्रिज पर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। जाम होते ही आवागमन ठप हो गया। कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लम्बी लाइन लग गई।

जाम करने वालों का कहना था करीब एक हजार परिवार पानी से पूरी तरह से घिरे हुए है। इससे जीवन नारकीय हो गया है। संबंधितों से बार-बार गुहार लगाए जाने के भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।

जाम की जानकारी होते ही सदर कोतवाल दीपेंद्र सिंह और यातायात प्रभारी अजय सिंह कसाना पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने में जुट गए, लेकिन आक्रोशित लोग सक्षम अधिकारी को मौके पर बुलाने की जिद्द पर अड़े रहे। एडीएम अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंच। जाम करने वालों से बातचीत करते हुए शीघ्र पानी निकासी का भरोसा दिलाया। इस पर लोगों ने एक घंटा बाद समाप्त किया। इसके बाद आवागमन सुचारू हो सका। जाम की वजह से लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।

About Post Author