अम्बिका चौधरी का आह्वान : 2022 में भाजपा को उखाड़ फेंके वर्ना होगा देश व प्रदेश का अंतिम चुनाव

बलिया: सपा में शामिल होकर प्रथम बार बलिया आगमन पर हुए अपने स्वागत से अभिभूत पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी ने कहा कि देश व प्रदेश से भाजपा की सरकारों को संविधान व लोकतंत्र को बचाने के लिये उखाड़ फेंकना है । कहा कि अगर 2022 में प्रदेश से भाजपा की सरकार को उखाड़ नही फेका गया तो यह प्रदेश का अंतिम लोकतांत्रिक चुनाव होगा । कहा कि ओबीसी को लुभाने के लिये एक तरफ आरक्षण का भाजपा स्वांग रच रही है तो दूसरी तरफ जहां नौकरियां मिलती उन सरकारी उपक्रमो को बेच रही है । जब सरकारी उपक्रम बचेंगे ही नही तो आरक्षण के द्वारा नौकरियां कहां मिलेंगी ? कहा कि भाजपा सरकार सरकारी संस्थानों को बेच कर आरक्षण को ही समाप्त करने पर लगी हुई है ।

समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी का भव्य स्वागत जिले में हुआ। इस दौरान कोरंटाडीह से लेकर सपा कार्यालय व जिला पंचायत परिसर तक पूरा क्षेत्र समाजवादी रंग में सराबोर दिखा। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक में गजब का उत्साह देखने को मिला। या यूं कहें कि आज फेफना विधान सभा से लेकर बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र समाजवादी रंग में रंग गया था ।

जिला पंचायत के प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में सपा की नेत्री सरिता सिंह ने पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी को सम्मान स्वरूप राधेकृष्ण की प्रतिमा भेंट की ।

कोटवा नारायणपुर से बलिया तक विभिन्न जगहों पर स्वागत के बाद पूर्व मंत्री के साथ हजारों कार्यकर्ताओं का जनसमूह जिला पंचायत के परिसर में पहुंचा। वहां मंच पर समाजवादी पार्टी की विभिन्न विंग के पदाधिकारी व जिला पंचायत के अध्यक्ष आनंद चौधरी ने अपने सदस्यों संग माल्यार्पण कर स्वागत किया।

स्वागत समारोह को सम्बोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि अम्बिका की वापसी के बाद 2022 फतह करना और आसान हो जाएगा। उन्होंने सभी नेताओं से आह्वान किया कि सभी एकजुट होकर अभी से चुनाव की तैयारियों में लग जाएं।

जोरदार स्वागत से उत्साहित पूर्व मंत्री अम्बिका ने 2022 में सपा मुखिया अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक के नेताओं के प्रति आभार जताया। कहा कि 2022 में भाजपा की इस सरकार को उखाड़ फेंकना है, अन्यथा यह चुनाव लोकतंत्र व संविधान की रक्षा करने का आखिरी अवसर होगा। इस कालखण्ड में यह महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व बलिया जनपद का बनता है।

श्री चौधरी ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज किसान और छोटे व्यापारी टूट गए। नौकरियां देना तो दूर की बात, नौकरियां ही खत्म कर दी गई। शिक्षा व्यवस्था की खराब हालत जगजाहिर है। निजी हाथों में सरकारी संस्थाओं को दिया जा रहा है। पिछडो और दलितों के साथ तो सबसे बड़ा धोखा हुआ है। उन्होंने आह्वान किया कि भाजपा ने जाति-धर्म के प्रपंच में लोगों को डालकर उनकी आंखों पर मखमली पर्दा जो डाल रखा है, उसे टुकड़े-टुकड़े करने का काम करेंगे और विकास पुरुष अखिलेश यादव की सरकार बनाएंगे।

समारोह में युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरि, पूर्व मंत्री नारद राय, जियाउद्दीन रिजवी, सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, पूर्व विधायक जयप्रकाश अंचल, गोरख पासवान, सुभाष यादव, मंजू सिंह, संग्राम सिंह यादव, पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता, मिठाई लाल भारती, राज नारायण यादव, पूर्व राज्यमंत्री ब्यास जी गोंड, विनायक मौर्य, जिपं सदस्य राणा प्रताप यादव दाढ़ी, पूर्व जिपं सदस्य अमित यादव, जमाल आलम ,प्रवक्ता सुशील पांडेय कान्ह जी,सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद ​थे।

About Post Author