बहन के घर जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बंधवाई राखी

सोनभद्र। जिले के आमडीह गांव में रविवार सुबह शुभ मुहूर्त में जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बहन से राखी बंधवाई। राखी बंधवाने के बाद उन्होंने बहन को उपहार भेंट किया। इस दौरान उनके कई नाते-रिश्तेदार मौजूद रहे। इसके बाद वो वाराणसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। वाराणसी से विमान से लखनऊ जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, उनका कार्यक्रम वाराणसी में था लेकिन शनिवार शाम कल्याण सिंह के निधन के कारण उप राज्यपाल के कार्यक्रम में बदलाव हो गया। उप राज्यपाल की बहन के घर के आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारी भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। मनोज सिन्हा शनिवार शाम अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए सदर कोतवाली क्षेत्र के आमडीह गांव पहुंचे थे। गाजीपुर निवासी जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा की बहन आमडीह गांव में रहती हैं। वह पिछले कई साल से बहन के घर राखी बंधवाने के लिए आते रहे हैं, हालांकि उप राज्यपाल बनने के बाद उनका यहां प्रथम आगमन हुआ। उप राज्यपाल के साथ उनकी पत्नी, उनके ओएसडी और पर्सनल असिस्टेंट भी आए। रात्रि में उप राज्यपाल ने बहन के घर ही विश्राम किया। रविवार सुबह शुभ मुहूर्त में राखी बंधवाई। इसके बाद स्थानीय लोगों और पूर्व परिचितों से मिले। फिर वाराणसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।

About Post Author