पूर्वांचल में चुनावी शंखनाद, छह अक्तूबर को काशी में सीएम योगी की पहली जनसभा

पूर्वांचल में चुनावी शंखनाद, छह अक्तूबर को काशी में सीएम योगी की पहली जनसभा
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी पूर्वांचल में जनसभा के साथ चुनावी शंखनाद करेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ छह अक्तूबर को बनारस में दो दिवसीय दौरे पर पिंडरा में पूर्वांचल की पहली जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी रविवार को जनसभा की तैयारियों को अंतिम स्वरूप देने के लिए बनारस पहुंच रहे हैं। पिंडरा में आयोजित चुनावी जनसभा के दौरान सीएम कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी देंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर बनारस से विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। दो दिवसीय दौरे के दौरान सीएम विकास कार्यों का जायजा भी लेंगे। शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ उनकी प्रगति रिपोर्ट भी जांचेंगे। साथ ही दिव्यांग क्रिकेट समापन समारोह में शामिल होंगे। वहीं 10 अक्तूबर को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए बनारस पहुंच रही हैं। प्रियंका गांधी रोहनिया के जगत इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करेंगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह रविवार को बनारस पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में विश्राम करने के बाद वह महमूरगंज स्थित निवेदिता शिक्षा सदन जाएंगे। जहां पर भाजपा महानगर द्वारा तीनों विधानसभाओं दक्षिणी, उत्तरी और कैंट विधानसभा के प्रभारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, शक्तिकेन्द्र संयोजक, शक्तिकेन्द्र प्रभारी की आयोजित बैठक को संबोधित करेंगे। यह जानकारी भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने दी।