स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी का मुहम्मदाबाद में भव्य स्वागत

करपात्री जी महाराज के शिष्य स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी का रविवार को देर शाम मुहम्मदाबाद क्षेत्र के तिवारीपुर ग्राम में आगमन हुआ। क्षेत्र के तिवारीपुर ग्राम स्थित सद्गुरु सेवा टायर हाउस पर क्षेत्रीय नागरिकों एवं भक्तजनों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक कल्याण की कामना करते हुए प्रथम पूज्य भगवान गणपति एवं महालक्ष्मी का पूजन अर्चन किया। साथ ही भारत के महान विभूति एवं प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। इस अवसर पर युवा चेतना के अध्यक्ष एवं प्रख्यात समाजसेवी रोहित सिंह ने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद सच्चे सनातनी प्रख्यात राष्ट्रवादी प्रसिद्ध अधिवक्ता एवं प्रथम राष्ट्रपति होने के साथ-साथ लोक कल्याण की भावना से काम करने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद के पद चिन्हों पर चल कर ही भारत जनकल्याण करते हुए विश्व गुरु बन सकता है। आयोजक श्री राम राय कमलेश ने कहा कि धर्म सम्राट करपात्री जी महाराज हिंदू सनातन परंपरा में प्रख्यात संतों में एक थे। पंडित शिव प्रसाद तिवारी जैसे प्रख्यात संत की जन्मस्थली तिवारीपुर में उनके शिष्य स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी का आगमन क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है। संत लोक मंगल की कामना से कार्य करते हैं तथा उनके आशीर्वाद से लोक कल्याण संभव है। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिकों ने फूल मालाओं से स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी एवं युवा चेतना के अध्यक्ष रोहित सिंह का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम राय प्रेम प्रकाश तिवारी अमित राय शैलेंद्र यादव सौरभ राय रितेश राय केसरी तिवारी विमल राय आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार श्री राम राय कमलेश ने किया।

About Post Author