राष्ट्रीय युवा दिवस पर पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को दिलाई शपथ
एसपी और उनकी पत्नी ने हरी झंडी दिखा साइकिल रैली को रवाना किया

गाजीपुर। स्वामी विवेकानंद की जयंती मंगलवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस लाइन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह और उनकी पत्नी प्रीति सिंह ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण किया। पुलिस अधीक्षक ने स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई। इसके बाद एसपी और उनकी पत्नी ने जागरूकता साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक डा. सिंह ने स्वामी विवेकानंद के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला। कहा कि विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। उनका बचपन का नाम नरेंद्र नाथ दत्त था। उनके पिता विश्वनाथ दत्त हाईकोर्ट के वकील थे। नरेंद्र नाथ 1871 में आठ साल की उम्र में स्कूल गए। 1879 में उन्होंने प्रेसीडेंसी कॉलेज की प्रवेश परीक्षा में पहला स्थान पाया।
वह 25 साल की उम्र में सन्यासी बन गए थे। सन्यास के बाद इनका नाम विवेकानंद रखा गया। एसपी ने युवाओं से अपील किया कि वह स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेते हुए उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चले। सम्बोधन के बाद पुलिस अधीक्षक की पत्नी ने सभी स्काउट गाइड के कैडेटों को मिष्ठान और बिस्किट का वितरण किया। इसके बाद एसपी और उनकी पत्नी ने कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए जागरूकता साइिकल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

साइकिल रैली ने नगर में भ्रमण करते हुए लोगों को स्वामी विवेकानंद के विचारों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सदर सीओ ओजस्वी चावला, कोतवाल विमल मिश्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।