भाजपा राष्ट्रभक्त होने का झूठा दिखावा करती है:डॉ संजय चौहान

गाजीपुर। 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी से गठबंधन कर चुके जनवादी पार्टी सोसलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय चौहान बलिया से चलकर मऊ होते हुए अपनी जनक्रांति यात्रा के साथ गाजीपुर पहुंचे। इस दौरान पार्टी कार्यालय समता भवन पर जिलाध्यक्ष रामधारी यादव के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया। समाजवादी पार्टी के कार्यालय समता भवन पर बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ संजय चौहान ने कहा कि जनवादी पार्टी (सोसलिस्ट) के तत्वाधान में निकली इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में हुकूमत कर रही पिछड़ा, दलित विरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग केवल दलितों और पिछड़ों का प्रयोग करते हैं, चुनाव में प्रयोग करने के बाद उनकी सरकार उनके हित में कोई फैसला नहीं लेती। कहा कि भाजपा राष्ट्रभक्त होने का झूठा दिखावा करती है, असल में वह खुद राष्ट्र विरोधी कार्यों में मशगूल है। राष्ट्र की सम्पत्ति को बेचना राष्ट्रविरोधी कार्य नहीं है तो क्या है। अडाणी और अंबानी जैसे पूंजीपतियों को मजबूत करने के अलावा मोदी और योगी के पास दूसरा कोई काम नहीं है। उन्होंने कहा कि जनवादी पार्टी सोसलिस्ट का प्रदेश में मजबूत जनाधार है, जो पिछले विधानसभा के चुनाव में भाजपा के साथ खड़ा था, आज पूरी मजबूती के साथ समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश के राज में विकास की लहर चल रही थी जो भाजपा राज में पूरी तरह ठप है। मोदी- योगी राज में लगातार बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व महिला उत्पीडन से पूरा प्रदेश त्राहि त्राहि कर रहा है और मोदी योगी चैन की नींद सो रहे हैं। उन्होंने जाति जनगणना की मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। इसका जनता के बुनियादी जरूरतों से कुछ भी लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है। भाजपा का असर पूरी तरह से खत्म हो चुका है। इस अवसर पर पूर्व विधान परिषद सदस्य विजय यादव, सुधीर यादव, मोनू सोनकर, अशोक बिन्द, अरुण कुमार श्रीवास्तव, राकेश यादव, रामवचन यादव, सिकंदर कनौजिया, सदानंद यादव, गोपाल यादव, दिनेश यादव, आत्मा यादव, रामयश यादव, युवा नेता अभिनव सिंह, अमित सिंह लालू, सदानंद कन्नौजिया, संजय कन्नौजिया, विकास यादव, अनिल यादव, नन्हें, कन्हैयालाल यादव, प्रदीप राजभर व अनिल यादव आदि उपस्थित थे।