बाथरूम में फंदे से लटकता पाया गया विवाहिता का शव

गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के हाटा गांव में बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता ने फासी लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के पिता ने दहेज हत्या की तहरीर दी है। पुलिस छानबीन में जुट गई।
जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के हाटा गांव निवासी अनिल यादव के परिवार के लोग धान की रोपाई करने के लिए गए थे। घर पर अनिल यादव की पत्नी अंजू यादव अकेली थी। परिवार के लोग खेत से लौटे तो देखा कि अंजू नहीं थी। उसे ढूंढते हुए स्नान घर में गए देखा कि साड़ी के फंदा के सहारे वह लटक रही थी। यह देख परिजन चीख-पुकार करने लगे। जानकारी होने पर पास-पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के डेहमा (कुशहां) गांव निवासी मृतका के पिता अशोक कुमार यादव ने कोतवाली तहरीर दी। इसमें उसने आरोप लगाते हुए कहा कि मेरी पुत्री अंजू यादव का विवाह 23 मई 2019 को मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के हाटा गांव मे रामबदन यादव के पुत्र अनिल यादव के साथ हुआ था। ससुराल के लोग दहेज के लिए आएदिन मेरी पुत्री को प्रताड़ित करते थे। आज सुबह पति अनिल यादव, उसकी बड़ी बहन और बड़ी भाभी ने ने मेरी पुत्री का गला दबा कर हत्या कर दिया। घटना की जानकारी मुझे दूसरे दिन मिली तो मैं बेटी के ससुराल पहुंचा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अशेष नाथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पिता ने दहेज हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।