June 20, 2025

मासूम का शव कुएं में मिला

गाजीपुर जनपद के नन्दगंज थाना क्षेत्र के शिकारपुर गांव में घर से निकले बालक का शव मंगलवार को कुएं में मिला। जानकारी के अनुसार शिकारपुर गांव निवासी रमेश बिंद का छह वर्षीय पुत्र रवि कुमार सोमवार को शाम करीब तीन बजे घर से निकला। जब देर शाम होने पर भी घर नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। उन्होंने आसपास उसकी तलाश शुरु कर दी। उसके दोस्तों से पूछताछ की। काफी प्रयास के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। इससे परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान होकर बिलखने लगे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मंगलवार को दिन में करीब 10 बजे रमेश बिंद के घर से करीब पांच सौ मीटर दूरी पर स्थित शंभू बिंद के घर के पास जामुन के पेड़ से समीप स्थित कुएं में कुछ लोगों ने एक बालक का शव उतराते हुए देखा। यह खबर चारों तरफ फैल गई। कुछ ही देर में रमेश बिंद के परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। सूचना पर थानाध्यक्ष सत्येन्द्र राय तथा रजादी चौकी प्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे बालक का शव बाहर निकलवाया। शव पर नजर पड़ते ही परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। मां रीता छाती पीटकर बिलखने लगी। मौजूद लोग उसे सांत्वना देने में जुट गए। इस संबंध में सत्येंद्र राय ने बताया कि मृतक के पिता रमेश बिंद ने तहरीर दी है। तहरीर में यह आशंका व्यक्त किया है कि शायद जामुन तोड़ते समय रवि कुएं में गिर गया होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

About Post Author

You may have missed