June 20, 2025

धरती पर पेड़-पौधे हमसे पहले आए इसलिए वे हमसे बड़े हैं,हमारे लिए आदरणीय और वंदनीय हैं – फादर पी विक्टर

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फादर पी विक्टर ने पौधारोपण किया

सेंटजॉन्स स्कूल,जौनपुर के प्रांगण में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर ने अपने विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ पौधारोपण किया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यालय परिसर में तुलसी,नीम, जामुन,पीपल,बरगद आदि के पौधों को लगाया।प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर प्रकृति प्रेमी व्यक्ति हैं।वे हर साल हजारों पेड़ लगाते हैं तथा पौधों को उपहार में भी देते हैं।फादर निरंतर पर्यावरण संरक्षण हेतु कार्य करते रहते हैं।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपने संदेश में फादर ने कहा कि पेड़ पौधे इस धरा पर मनुष्यों से पहले से विद्यमान हैं इसलिए वे हमसे बड़े हैं और हमारे लिए आदरणीय और वंदनीय हैं।इनकी महत्ता को हर धर्मग्रंथों ने स्वीकार किया है।हमारे धर्मग्रंथों में यह भी कहा गया है कि दस कुओं के निमार्ण में जो पुण्य प्राप्त होता है वह एक वापी के निर्माण से मिलता है,दस वापी के निर्माण से जो पुण्य प्राप्त होता है वह एक तालाब के निर्माण से प्राप्त होता है,दस तालाब के निर्माण से जो पुण्य प्राप्त होता है वह एक संतान उत्पन्न करने में मिलता है और दस संतान उत्पन्न करने में जो पुण्य प्राप्त होता है वह एक पेड़ लगाने से मिलता है अर्थात् वृक्षारोपण का पुण्य सबसे अधिक है।यह हमारा पावन कर्त्तव्य है कि हम पेड़ लगाएँ और उनका संरक्षण करें।यह न केवल धार्मिक अपितु सामाजिक दायित्व भी है क्योंकि इन वृक्षों से ही हमे फल,फूल,लकड़ी,दवाई आदि मिलता है।यहाँ तक कि जब मनुष्य और जीव जंतु ताप से व्याकुल होते हैं तो इन वृक्षों से शीतल छाया पाते हैं।

कुछ वृक्ष हम बाहर लगाते हैं और कुछ घर के आँगन में।घर के बाहर लगाने वाले प्रमुख वृक्ष नीम,पीपल,बरगद,पाकड़, छितवन आदि हैं और घर के आँगन में लगाया जाने वाला प्रमुख पौधा तुलसी है।तुलसी में अद्भुत औषधीय गुण हैं जो जीवन रक्षण करते हैं।अतः तुलसी हमारे लिए माता के समान आदरणीय और वंदनीय हैं।जिस तरह घर में बुजुर्ग व्यक्ति का सम्मान होता है वैसे ही तुलसी का सम्मान करना चाहिए,इससे सुख समृद्धि में वृद्धि होती है।फादर ने शिक्षकों,अभिभावकों एवं बच्चों से पौधारोपण करने एवं उनका संरक्षण करने का आग्रह किया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक प्रेमशंकर यादव,रामजी तिवारी,परवेज अहमद आदि ने उपस्थित होकर पौधरोपण किया।

About Post Author

You may have missed