June 19, 2025

गाजीपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष बनाए गए सुनील सिंह

WhatsApp Image 2023-09-15 at 17.43.21

गाजीपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष बनाए गए सुनील सिंह

 

भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी। जिसमें पूर्वांचल के विभिन्न जिलों सहित गाजीपुर में नए जिलाध्यक्ष को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। गाजीपुर से आरएसएस से जुड़े रहे, भाजपा में मिले दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने वाले और जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा के खास सुनील सिंह को गाजीपुर भाजपा इकाई नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सुनील सिंह को जिलाध्यक्ष बनाए जाने की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर फैल गई। इसके साथ ही बधाई देने वालों का तांता लग गया।

सुनील सिंह 1990 से 1999 तक प्रचारक के साथ-साथ नगर जिला प्रचारक और संघ प्रशिक्षण की भूमिका निभा चुके है। भाजपा में ग्राम इकाई अध्यक्ष से अपनी पारी शुरू करने वाले सुनील सिंह जिला संयोजक चुनाव प्रबंधन, जिला संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ, जिला महामंत्री के साथ-साथ 2022 के विधानसभा चुनाव में अजगरा वाराणसी विधानसभा प्रभारी भी रहे। जहां भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही सुनील सिंह को दिल्ली में गांधीनगर विधानसभा और बिहार के पटना साहिब विधानसभा में प्रभारी का दायित्व मिला। जिसमें पार्टी को जीत मिली। सुनील सिंह को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई भी समर्थकों द्वारा मिलने लगी है।

इससे पहले भानु प्रताप सिंह लंबे समय तक गाजीपुर भाजपा जिलाध्यक्ष रहे हैं। अब उनके स्थान पर सुनील सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गौरतलब हो कि भानु प्रताप सिंह के साथ ही सुनील सिंह भी गाजीपुर के पूर्व सांसद और वर्तमान में जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के बेहद करीबियों में शामिल हैं। ऐसे में आगामी 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी के बीच मनोज सिन्हा का संगठन में भी दबदबा बरकरार नजर आ रहा है।

About Post Author