बलिया पत्रकार रतन सिंह मर्डर केस : मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कुर्क होगी सम्पत्ति, लगेगा एनएसए

बलिया में पत्रकार रतन सिंह की हत्या के मुख्य आरोपित प्रशांत सिंह उर्फ हीरा को पुलिस व स्वॉट टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद करने का दावा किया है। इस प्रकार हत्याकांड के सात आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। मृतक के पिता ने कुल दस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

एएसपी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि रतन सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपित हीरा सिंह फेफना थाना क्षेत्र के एकौनी तिराहा पर है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रात करीब साढ़े बजे मौके पर पहुंची तो वह रसड़ा की ओर भागने लगा। पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो फायर कर दिया। हालांकि पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। यह भी बताया कि इसी पिस्टल से घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वाराणसी भागने की फिराक में था लेकिन दबोचा गया। हीरा फेफना गांव का ही निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके पास से अवैध पिस्टल के अलावा एक जिंदा व एक मिस फायर कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में फेफना एसओ राजीव मिश्र, एसओजी प्रभारी राजकुमार सिंह, एसआई ओमप्रकाश चौबे आदि शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि रतन सिंह की 24 अगस्त की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के ही सोनू सिंह, अरविंद सिंह, दिनेश सिंह, तेज बहादुर सिंह उर्फ पुमपुम, वीर बहादुर सिंह उर्फ पुतुल, प्रशांत सिंह उर्फ हीरा, विनय उर्फ मोती सिंह, सुशील सिंह उर्फ झाबर, अनिल सिंह व उदय सिंह पर मुकदमा दर्ज किया था। सुशील, सोनू, अरविंद, वीर बहादुर सिंह, दिनेश सिंह व विनय को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

होगी एनएसए की कार्रवाई, कुर्क होगी सम्पत्ति

पत्रकार रतन सिंह की हत्या के आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात डीआईजी सुभाष चंद्र दूबे ने कही है। कहा है कि सभी आरोपितों के खिलाफ न सिर्फ एनएसए व गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी, बल्कि उनकी सम्पत्ति भी कुर्क होगी। कहा कि शेष आरोपित भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। बताया कि आरोपितों में से पांच की पुरानी केस हिस्ट्री भी है। उसे भी खोला जाएगा। दावा किया कि इतनी कड़ी कार्रवाई होगी कि दोबारा कोई ऐसी घटना की हिम्मत नहीं करेगा।

About Post Author