June 24, 2025

जकार्ता से लौटे भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी:कांस्य पदक विजेता सैदपुर के खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत

गाजीपुर। इंडोनेशिया के जकार्ता में संपन्न हुई एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे सैदपुर स्थित स्वर्गीय मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम के खिलाड़ियों का शुक्रवार को क्षेत्र में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। सैदपुर की सीमा में प्रवेश करते ही क्षेत्र के सिधौना गांव से लेकर करमपुर स्थित स्टेडियम तक जगह जगह क्षेत्रीय लोगों ने बैंड बाजे के साथ माल्यार्पण कर खिलाड़ियों और उनके स्थानीय कोच इंद्रदेव राजभर का भव्य स्वागत किया। जिसमें शामिल क्षेत्र के लोगों ने सैदपुर के इन हॉकी खिलाड़ियों को गाजीपुर की शान बताया।विश्व कप के क्वालीफायर टूर्नामेंट में एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में बीते एक जून को अपने सुपर 4 की टीम में भारत ने जापान को 1-0 से हराकर बेहतर गोल औसत से कांस्य पदक हासिल किया। भारत की टीम में सैदपुर क्षेत्र के करमपुर गांव स्थित स्व़. मेघ बरन सिंह हॉकी स्टेडियम के तीन और क्षेत्र के अठगांवा स्थित लोधी सिंह द्वारिका सिंह स्टेडियम के एक खिलाड़ी शामिल रहा। जिसमें अठगांवा स्टेडियम के खिलाड़ी विष्णु कांत सिंह डिफेंडर, मेघ बरन सिंह हॉकी स्टेडियम के खिलाड़ी उत्तम सिंह फॉरवर्ड, पवन राजभर फॉरवर्ड और राजकुमार पाल मिडफील्डर के रूप में रहे। करमपुर गांव निवासी खिलाड़ी उत्तम सिंह के पिता भुल्लन सिंह तथा सेहमलपुर गांव निवासी पवन राजभर के पिता जालंधर राजभर पेशे से किसान हैं। बेटे की इस कामयाबी से परिवार के सभी सदस्यों में हर्ष व्याप्त है। उत्तम के बड़े भाई दीपक सिंह व ध्रुव सिंह भी हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। खिलाड़ी राजकुमार पाल तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं, उनके बड़े भाई जोखन पाल व राजू पाल भी हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। जो अब स्पोर्ट्स कोटा से रेलवे और सेना में कार्यरत हैं। खिलाड़ी विष्णु कांत दो भाइयों में सबसे छोटे हैं, जिनके पिता रमेश सिंह पेशे से शिक्षक है।

About Post Author