आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी सहित सभी स्मारकों में नि:शुल्क प्रवेश है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के निदेशक स्मारक डा.नवरत्न पाठक ने यह आदेश जारी किया है। यह पहली बार है, जब महिला दिवस पर पुरुषों को भी स्मारकों में बिना टिकट प्रवेश दिया जा रहा है। बीते दो साल केवल महिलाओं के लिए ही यह सुविधा दी गई थी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने चार मार्च को आदेश जारी किया था कि महिला दिवस पर स्मारकों में महिलाओं को नि:शुल्क प्रवेश मिलेगा। लेकिन सोमवार को जारी आदेश में न केवल महिलाओं बल्कि पुरुषों को भी नि:शुल्क प्रवेश की सुविधा दी गई। संस्कृति मंत्रालय की ओर से भी यह आदेश जारी किया गया। मंगलवार सुबह से ही ताजमहल में पर्यटकों की भीड़ उमड़ने लगी है।