June 20, 2025

डॉ. विजय यादव के चलते सैकड़ों के आंखों की वापिस आ रही रोशनी, कॉलेज में निःशुल्क करा रहे ऑपरेशन

डॉ. विजय यादव के चलते सैकड़ों के आंखों की वापिस आ रही रोशनी, कॉलेज में निःशुल्क करा रहे ऑपरेशन

गाजीपुर। किसी भी इंसान की सबसे प्यारी चीज क्या होती है, वह है उसकी आंख और रोशनी। शरीर जब स्वस्थ होता है या फिर काम करना बंद कर देता है तो गैरों को छोड़िए खुद की आत्मा पर भी बोझ बन जाता है। घर के सदस्य भी कुछ दिन तक ही सेवाभाव के जरिये सहयोग करते हैं, फिर उनके अंदर भी झुंझलाहट आने लगती है। इसीलिए अधिकांश बड़े बुजुर्गों की इच्छा होती है कि किसी के आश्रित होने के पूर्व ही चलते फिरते ही दुनिया से विदाई हो जाए। ऐसे में अगर किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी चली जाए तो हर एक कार्य में समस्या पैदा हो जाती है। यह परेशानी उस समय दोहरी मुसीबत लाती है, जब संबंधित व्यक्ति आर्थिक रूप से कमजोर हो। लेकिन इस दिशा में एक ज्योति जलाने का कार्य केवीएस ग्रुप के चेयरमैन डा. विजय यादव की ओर से किया गया है। उनकी पहल पर लंबे समय से कृष्ण सुदामा ग्रुप की ओर से सादात क्षेत्र में गरीबों की आंखों के मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन किया जा रहा है। ऑपरेशन के साथ ही दवा, चश्मा आदि की भी निःशुल्क व्यवस्था की जाती है। डॉ. विजय यादव की पहल से गरीबों की आंखों में दोबारा लौटी ज्योति उनकी दुनिया को जगमग कर रही है। यदि आंकड़ों के हिसाब से इस कार्य को परखें तो पता चल जायेगा कि कितनी बड़ी संख्या में डा. विजय यादव की इस पहल का लाभ गरीबों को मिला है। अब तक कुल 1268 लोगों का निःशुल्क ऑपरेशन हो चुका है। जबकि रजिस्ट्रेशन 1534 लोगों का हुआ है। इस वर्ष इस सत्र में अब तक लगभग 150 लोगों का ऑपरेशन हुआ है, जबकि रजिस्ट्रेशन की संख्या 180 है। डा. विजय यादव का मानना है कि हम सभी लोगों को समाज के असहाय लोगों की मदद अपनी क्षमतानुसार करना चाहिए। जरूरतमंदों की सहायता करना हमारी संस्कृति व परंपरा की पहचान है। हमें इसे लगातार आगे बढ़ाते रहना चाहिए।

About Post Author