बाहुबली मुख्तार अंसारी के गृहक्षेत्र मुहम्मदाबाद में पूर्व पीसीएस अधिकारी मनोज राय की इंट्री के बाद रोचक हुआ चुनावी समीकरण
बाहुबली मुख्तार अंसारी के गृहक्षेत्र मुहम्मदाबाद में पूर्व पीसीएस अधिकारी मनोज राय की इंट्री के बाद रोचक हुआ चुनावी समीकरण
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का गृह क्षेत्र है। जब भी विधानसभा चुनाव होता है तो पूर्वांचल में इस सीट की खासी चर्चा होती है। इस बार भी मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट सुर्खियों में है। मुहम्मदाबाद सीट के इस बार सुर्खियों में आने का एक कारण पूर्व पीसीएस अधिकारी मनोज राय भी हैं। सियासत में मनोज राय की इंट्री के बाद यह सीट अब कई दिग्गजों व राजनीतिक विश्लेषकों की निगाह में आ चुकी है। मनोज राय की स्वच्छ छवि हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रही है। वैसे मनोज राय मुहम्मदाबाद क्षेत्र के जोगा मुसाहिब गांव के रहने वाले हैं। बीते 1 जनवरी को उन्होंने लखनऊ में लक्ष्मीकांत वाजपेयी व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। यदि उनकी दलीय निष्ठा की बात की जाए तो वह छात्र जीवन से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे। ऐसे में कहा जा सकता है कि आरएसएस व भाजपा की विचारधारा से वह शुरू से ही प्रेरित रहे हैं। उनके पिता डा० विक्रमादित्य राय भाजपा निष्ठावान सिपाही हैं। उन्हें जम्मू—कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा का काफी करीबी माना जाता है। वहीं मौजूदा समय में मुहम्मदाबाद की विधायक अलका राय हैं। ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि भाजपा इस बार टिकट किसको देती है। लेकिन इतना तय है कि वर्तमान में मुहम्मदाबाद की राजनीति एक रोचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। एक ओर अंसारी बंधुओं का गृहक्षेत्र व उनका गढ़ तो दूसरी तरफ मनोज राय की साफ—सुथरी छवि। वैसे मनोज राय क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह लोगों के बीच जाकर पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। यदि मनोज राय के बारे में थोड़ी और विस्तार से बात की जाए तो अतीत में उनकी पहचान बिहार प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी के रूप में रही है। उन्होंने नौकरी छोड़कर इस बार सियासत में उतरने का निर्णय लिया है। अपनी सर्विस के दौरान वह बिहार के बक्सर जनपद के सदर प्रखंड के अलावा सारण जनपद के मशरख में बतौर प्रखंड विकास पदाधिकारी पोस्टेड रह चुके हैं। बक्सर में गंगा दशहरा व भव्य गंगा आरती आयोजन का श्रेय मनोज राय को दिया जाता है। उनकी छोटी बहन प्रियंका राय बक्सर की अंचलाधिकारी हैं।