पूर्वांचल में ठंड: आज भी छाए हैं बादल, ठंड बढ़ने की है संभावना

पूर्वांचल में ठंड: आज भी छाए हैं बादल, ठंड बढ़ने की है संभावना
मौसम। पूर्वांचल के जिलों में ठंड ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। इसी के मद्देनजर आजमगढ़ में जिला प्रशासन ने कक्षा आठ तक के स्कूल 30 दिसंबर को बंद करने का आदेश दिया है। गुरुवार सुबह भी हल्का कोहरा छाया रहा। बादलों के कारण कहीं धुप निकली तो कहीं अभी तक सूर्य देव के दर्शन भी लोगों को नहीं हुए। धूप नहीं निकलने से ठंडी हवा शरीर को बेध रही है। गलन भरी ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने और दिन में नम हवाएं चलते रहने के साथ ही तापमान में भी पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अभी दो दिन तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है। इसके बाद बूंदाबांदी से तो राहत जरूर मिलेगी लेकिन ठंड के बढ़ने की संभावना है। शाम सात बजे के बाद गलन अधिक बढ़ गई। बुधवार को बादल छाये रहने से बलिया व जौनपुर में न्यूनतम पारा 10 डिग्री, मऊ, गाजीपुर, सोनभद्र व भदोही में 11 डिग्री, आजमगढ़ व चंदौली में 12 डिग्री, मिर्जापुर में 13 डिग्री और वाराणसी में 15.5 डिग्री रहा। बरसात के कारण बनारस प्रदेश भर में सबसे साफ शहर रहा और ग्रीन जोन में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 78 दर्ज किया गया।