आज भारत बहुत मजबूती से आगे बढ़ रहा है – मनोज सिन्हा

आज भारत बहुत मजबूती से आगे बढ़ रहा है – मनोज सिन्हा

गाजीपुर। उत्थान फाउंडेशन ट्रस्ट बयेपुर देवकली के परिसर में ट्रस्ट का तृतीय वार्षिकोत्सव समारोहपूर्वक मनाया गया।समारोह के मुख्य अतिथि जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा थे। अध्यक्षता सच्चिदानंद राय चाचा ने की। अतिथियों का स्वागत ट्रस्ट के संस्थापक सचिव इंजीनियर संजीव गुप्त ने किया। इस अवसर पर विभिन्न कलाकारों ने देशभक्ति गीत, भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। ‘विकसित वैभवशाली भारत निर्माण में समाज के अंतिम व्यक्ति की अनिवार्य सहभागिता’ विषयक संगोष्ठी में विद्वान वक्ताओं ने अपने महत्वपूर्ण विचार रखे। मुख्य अतिथि ने आरोग्य कुटीर का शिलान्यास किया। मुख्य अतिथि ने रायपुर छत्तीसगढ़ से आए आध्यात्मिक व सामाजिक चेतना जागरण में सतत् संलग्न अस्सी वर्षीय बजरंग मुनि को स्मृति-चिह्न व अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने ट्रस्ट से जुङे लोगों को सम्मानित करने के साथ ही सहभागिता भोज में सम्मिलित भी हुए। मनोज सिन्हा ने कहा कि दुनिया में हमारी पहचान केवल आर्थिक समृद्धि से ही नहीं बल्कि अपनी सांस्कृतिक-आध्यात्मिक समृद्धि से रही है। स्वतंत्रता के बाद देश भटकाव की स्थिति में था लेकिन आज देश को ऐसा समर्थ व दूरदर्शी नेतृत्व मिला है जिससे देश सही दिशा में बढ़ चला है।आज भारत बहुत मजबूती से आगे बढ़ रहा है।देश की आज की नीतियां गरीबों, शोषितों, वंचितों आदिवासियों, दलितों को दृष्टिगत कर बन रही हैं। उसका असर दीखने भी लगा है। नई चुनौतियों से निबटने हेतु हम तैयार हो गए हैं। उत्थान फाउंडेशन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बहुत बङा काम इस ट्रस्ट के माध्यम से कर रहा है। उन्होंने अपनी शुभकामनाएं दीं। अध्यक्षीय उद्बोधन व आभार ज्ञापन करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष सच्चिदानंद राय ने कहा कि ट्रस्ट की स्थापना समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के उद्देश्य से ही किया गया है। अधिकार की बात बहुत हो चुकी, हमें राजनीति,धर्म सत्ता एवं समाज सेवा के माध्यम से अंतिम व्यक्ति के उत्थान हेतु लग जाय तो निश्चित रूप से हम सफल होंगे।

About Post Author