UPTET पेपर लीक केस में पीएनपी सचिव संजय उपाध्याय गिरफ्तार

UPTET पेपर लीक केस में पीएनपी सचिव संजय उपाध्याय गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) पेपर लीक मामले निलंवित सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) संजय कुमार उपाध्याय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनसे पहले एसटीएफ ने प्रश्नपत्र छापने वाली एजेंसी आरएसएम फिनसर्व लिमिटेड के निदेशक राय अनूप प्रसाद को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। एजेंसी को प्रश्न पत्र छापने का वर्क आर्डर संजय उपाध्याय ने ही जारी किया था।
यूपी के एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि देर रात पूछताछ के बाद जांच अधिकारी और यूपी एसटीएफ की टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया है। संजय उपाध्याय को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर और पूछताछ करेगी। प्रशांत कुमार ने कहा कि मामले में शुरुआत में ही शासन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया था कि सख्त एक्शन लिया जाएगा। कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। इसी क्रम में यह गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि संजय उपाध्याय के खिलाफ पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य हैं। इसी आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई है। सरकार उन्हें सस्पेंड कर चुकी है। UPTET परीक्षा को अंजाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी PNP सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ही थी।