June 19, 2025

ब्रह्मवैवर्तपुराण के प्रकृतिखंड में बताया गया है कि सृष्टि की अधिष्ठात्री प्रकृति देवी के एक प्रमुख अंश को देवसेना कहा गया है

IMG_20211026_093514

ब्रह्मवैवर्तपुराण के प्रकृतिखंड में बताया गया है कि सृष्टि की अधिष्ठात्री प्रकृति देवी के एक प्रमुख अंश को देवसेना कहा गया है। प्रकृति का छठा अंश होने के कारण इन देवी का एक प्रचलित नाम षष्ठी है। पुराण के अनुसार यह देवी सभी बालकों की रक्षा करती हैं और उन्हें लंबी आयु देती हैं। ब्रह्मवैवर्तपुराण के प्रकृतिखंड में ऐसा जिक्र मिलता है-
”षष्‍ठांशा प्रकृतेर्या च सा च षष्‍ठी प्रकीर्तिता,
बालकाधिष्‍ठातृदेवी विष्‍णुमाया च बालदा।
आयु:प्रदा च बालानां धात्री रक्षणकारिणी,
सततं शिशुपार्श्‍वस्‍था योगेन सिद्ध‍ियोगिनी”।
षष्‍ठी देवी को कहते हैं छठ मैया

षष्‍ठी देवी को ही स्थानीय बोली में छठ मैया कहा गया है। षष्ठी देवी को ब्रह्मा की मानसपुत्री भी कहा गया है, जो नि:संतानों को संतान देती हैं और सभी बालकों की रक्षा करती हैं। आज भी देश के कई हिस्‍सों में बच्चों के जन्म के छठे दिन षष्ठी पूजा या छठी पूजा का चलन है। पुराणों में इन देवी के एक अन्‍य नाम कात्यायनी का भी जिक्र है, जिनकी पूजा नवरात्रि में षष्ठी को होती है।
षष्ठी तिथि को सूर्य पूजा का महत्व

हमारे धर्मग्रथों में अलग-अलग देवी-देवताओं की पूजा के लिए एक विशेष तिथि का वर्णन मिलता है। इसी तरह सूर्य की पूजा के साथ सप्तमी तिथि‍ जुड़ी है। सूर्य सप्तमी, रथ सप्तमी जैसे शब्दों से यह स्पष्ट होता है। मगर छठ पर्व में सूर्य की पूजा षष्ठी को की जाती है, जो अलग बात लगती है। सूर्यषष्ठी व्रत में ब्रह्म और शक्ति (प्रकृति और उनका अंश षष्ठी देवी), दोनों की पूजा साथ-साथ की जाती है, इसलिए व्रत करने वाले को दोनों की पूजा का फल मिलता है। इस पूजा की यही बात इसे खास बनाती है।
लोकगीतों में होता है स्‍पष्‍ट

”अन-धन सोनवा लागी पूजी देवलघरवा हे,
पुत्र लागी करीं हम छठी के बरतिया हे”
छठ पर्व में गाए जाने वाले लोकगीतों में यह पौराणिक परंपरा जीवित है। दोनों की पूजा साथ-साथ किए जाने का उद्देश्य लोकगीतों से भी स्पष्ट होता है। व्रत करने वाली महिलाएं इस लोकगीत में कहती हैं कि वे अन्न-धन, संपत्ति‍ आदि के लिए सूर्य देवता की पूजा कर रही हैं। वहीं, संतान के लिए ममतामयी छठी माता या षष्ठी पूजन कर रही हैं। इससे सूर्य और षष्ठी देवी की साथ-साथ पूजा किए जाने की परंपरा और उसका कारण स्‍पष्‍ट होता है।

About Post Author