June 19, 2025

राज्य मंत्री ने पहले दिलाई शपथ फिर लगाई जनप्रतिनिधियों संग झाड़ू

IMG-20211023-WA0007

राज्य मंत्री ने पहले दिलाई शपथ फिर लगाई जनप्रतिनिधियों संग झाड़ू

गाजीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर नगर के खजुरिया स्थित एक पैलेस में शनिवार को प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पंचायती राज विभाग द्वारा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि मंत्री उपेंद्र तिवारी ने देश के शहीदों को नमन करते हुए भविष्य के स्वच्छ भारत एवं स्वस्थ भारत की परिकल्पना को साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने जनपदवासियों के युवाओं को विशेष रूप से स्वच्छ भारत के प्रति सप्ताह में प्रत्येक दिवस सफाई के लिए समय निकालने के लिए प्रेरित करते हुए सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। मुहम्मदाबाद विधायक अलका राय ने गंदगी से होने वाली बीमारियों का जिक्र करते हुए लोगों से साफ-सफाई का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि साफ-सफाई रख हम तमाम बीमारियों से बचते हुए अपने स्वस्थ रख सकते है। इसलिए खुद सफा-सफाई रखते हुए दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। स्वागत संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने योजनाओं के विषय में विस्तृत जानकारी दी। ग्राम पंचायत अधिकारी संघ की तरफ से स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र मुख्य अतिथि मंत्री उपेंद्र तिवारी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समस्याओं संबंधित पत्रक उन्हें सौंपा गया। अंत में मंत्री श्री तिवारी ने मुहम्मदाबाद विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के साथ मिलकर झाड़ू भी लगाते हुए लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, जनपद स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, सफाई कर्मचारी, नेहरू युवा केंद्र के वॉलिंटियर और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About Post Author