June 19, 2025

मुहम्मदाबाद में समाजवादी पार्टी से 150 पदाधिकारियों का इस्तीफा

IMG-20211021-WA0002

गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद विधानसभा में सपा कार्यकर्ताओं ने अंसारी बंधुओं का विरोध करना शुरू कर दिया है। मुहम्मदाबाद विधानसभा की कार्यकारणी को बदल कर अपने मनमाफिक कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण

जिम्मेदारी दिलाने से नाराज सपा के करीब 150 पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा देकर करईल की सियासत में भूचाल ला दिया है। कार्यकर्ताओं ने यह इस्तीफा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव को भेज दिया है। इस बदले सियासी घटनाक्रम को अंसारी बंधुओं के खिलाफ जोड़कर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि अंसारी बंधु किस तरह से डैमेज कंट्रोल करते हैं।

पिछले दिनों सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने मुहम्मदाबाद विधानसभा की इकाई को संधोशित करते हुए गोवर्धन यादव को अध्यक्ष घोषित कर दिया। साथ ही कई अंसारी बंधुओं के कार्यकर्ताओं को इस कमेटी में पदाधिकारी नामित किया गया था। अंसारी बंधुओं की सोच थी कि पहले विधानसभा इकाई स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं को स्थापित किया जाए।

इसके बाद अन्य कार्यक्रम शुरू होंगे। लेकिन गोवर्धन के विधानसभा अध्यक्ष बनते ही पूरे मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में विरोध शुरू हो गया। मुहम्मदाबाद सपा कार्यालय डाकबंगला रोड पर सपा कार्यकर्ताओं की एक आपात बैठक हुई। बैठक के दौरान सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश राय भी शामिल हुए। फिर एक एक कार्यकर्ताओं ने सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की ओर से घोषित कमेटी की कड़ी आलोचना की। कहा कि यह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है।

विधानसभा स्तर की कमेटी में संशोधन प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति के बगैर नहीं हो सकता। सभी ने एक स्वर से कहा कि हम लोग अपने पद से इस्तीफा देंगे। इसके बाद 150 लोगों ने बारी बारी अपना इस्तीफा जिलाध्यक्ष को भेज दिया। बताया गया कि विधानसभा के छह पदाधिकारी सचिव एवं सदस्य ने त्याग पत्र दे दिया। साथ ही मुहम्मदाबाद क्षेत्र से जिला कार्यसमिति में विजयशंकर पाल जिला सचिव, मुख्य कार्यकारणी में सदस्य संतोष गुप्ता, मुनींद्र नाथ राय ने दुखी होकर अपने पद को छोड़ दिया। प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष को भेजी गई। साथ ही शाहिद खान की अध्यक्षता में पूरी नगर कमेटी ने त्यागपत्र दे दिया। यह कमेटी 21लोगों की थी।

तीनों ब्लाकों के ब्लाक प्रभारी मुहम्मदाबाद रामबिलास यादव, भांवरकोल के पारसनाथ यादव और रेवतीपुर रेवतीपुर के प्रभारी पारस नाथ पाठक ने भी त्याग पत्र दे दिया। शिक्षक सभा के मुहम्मदाबाद विधानसभा के शिक्षक सभा मनोज सिंह यादव, मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के अध्यक्ष अतुल तिवारी, समाजवादी छात्रसभा के कुलदीप सिंह यादव ने भी अपनी कमेटी ने इस्तीफा दे दिया। समाजवादी युवजन सभा के अध्यक्ष आशीष राय सिंटू ने इस्तीफा दे दिया।

सभी ने विधानसभा अध्यक्ष बने गोवर्धन यादव के साथ काम करने से सीधे तौर पर इंकार कर दिया और इस्तीफे की कापी प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया। इस दौरान काफी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा के इन पदाधिकारियों के इस्तीफे से मुहम्मदाबाद की सियासत अचानक गरमा गई है।

About Post Author