*गाजीपुर गौरव’ सम्मान से हरीश हुए अलंकृत*

गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज का 36वां वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाज़ीपुर गौरव सम्मान समारोह (चेतना महोत्सव-2021) नगर के महुआबाग स्थित कान्हा हवेली में सम्पन्न हुआ। समारोह में अतिथिगणों द्वारा वरिष्ठ साहित्यकार एवं ख्यातिलब्ध मंच संचालक हरिनारायण हरीश को ‘गाजीपुर गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्रम प्रदान को उन्हें सम्मान दिया गया। अपने सम्मान से अभिभूत हरीश ने कहा कि अपनों के बीच, अपनों द्वारा अपने नगर में सम्मान पाना सभी सम्मानों से श्रेष्ठ है। ख्यातिलब्ध नवगीतकार डा. बुद्धिनाथ मिश्र (देहरादून), जमुना उपाध्याय (अयोध्या), डा. कमलेश राय (मऊ) एवं भालचंद त्रिपाठी (अम्बेडकर नगर) ने गीत, नवगीत एवं गजल सुनाकर आयोजन को ऊंचाई प्रदान किया। मुख्य अतिथि डा. विभूति नारायण राय ने कहा कि बिना किसी शासकीय वित्तीय सहायता के विगत तीन दशकों से किसी संस्था का निरंतर सक्रिय रहकर साहित्य व संस्कृति के लिए कार्य करना अभिनंदनीय है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में काशीनाथ मिश्र ने संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि स्थान-स्थान पर ऐसी संस्थाएं सक्रिय रह कर कार्य करें तो समाज का काफी भला हो सकता है। संस्था द्वारा आयोजित निबंध, चित्रकला एवं हिंदी-अंग्रेजी माध्यम की विचार अभिव्यक्ति प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इससे पहले मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डा. विभूति नारायण राय (पूर्व पुलिस महानिदेशक, उ.प्र. एवं पूर्व कुलपति महात्मा गांधी हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा) एवं विशिष्ट अतिथि प्रो. हरिकेश सिंह (पूर्व कुलपति-जयप्रकाश नारायण विश्वविद्यालय,छपरा) ने मां सरस्वती के चित्र के सामने माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कवयित्री रश्मि शाक्य ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर डा. रविनंदन वर्मा, हीरा राम गुप्ता, राजीव मिश्रा, दिग्विजय उपाध्याय, डा. सानंद सिंह, आशुतोष पाण्डेय, डा. पारस नाथ सिंह, दिनेश शर्मा, आनंद अग्रवाल, अमिताभ अनिल दुबे, विनोद अग्रवाल, विनोद उपाध्याय, डा. अम्बिका पाण्डेय, डा. श्रीकांत पाण्डेय, डा. अक्षय पाण्डेय, शेख जैनुल, डा. सानंद सिंह. आब्दीन आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता साहित्यकार एवं समाजसेवी काशीनाथ मिश्र और संचालन संचालन संस्था के उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने किया। अंत में संस्था के संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।