स्वर्गीया श्रीमती विंसेंट मेरी के लिए विशेष प्रार्थना का आयोजन

आज दिनांक 19 अगस्त 2021 को सेंट जॉन्स स्कूल,सिद्दीकपुर,जौनपुर के प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर की स्वर्गीया माता श्रीमती विंसेंट मेरी के लिए विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया।आज ही के दिन एक महीने पहले श्रीमती मेरी विंसेंट जी का स्वर्गवास हो गया था।इस अवसर पर भजन कीर्तन का आयोजन किया गया।कैथोलिक धर्म में मृत आत्मा की शांति के लिए एक महीने बाद विशेष प्रार्थना का आयोजन किया जाता है,जिसे रिक्विम मास कहा जाता है।फादर पी विक्टर ने पुरोहित के रूप में अपनी माता जी को ईश्वर से चरणों में स्थान देने के लिए प्रार्थना की।प्रार्थना के दौरान फादर विक्टर ने कहा कि हमारे पास दो जीवन है,एक जीवन के साथ और एक जीवन के बाद।जीवन के साथ का जीवन इहलौकिक जीवन होता है और जीवन के बाद का जीवन पारलौकिक जीवन होता है।पारलौकिक जीवन में ईश्वर आत्मा को अपना सानिध्य देते हैं इसलिए मृत्यु के बाद भी हमें शोक नहीं करना चाहिए।मृत्यु के बाद का जीवन तो परम पवित्र होता है क्योंकि तब ईश्वर का सानिध्य प्राप्त होता है।हमें दिवंगत आत्माओं को नित्य याद करते रहना चाहिए इससे उनका आशीष मिलता है।इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक-अध्यापिका एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।