June 22, 2025

सोते समय सिर पर वार कर वृद्ध की हत्या

गाजीपुर जनपद के करंडा थाना क्षेत्र के रामपुरमाझा चौकी क्षेत्र के रामपुर गांव में शुक्रवार की रात सोते समय सिर पर गंभीर वार कर वृद्ध की हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन करते हुए हत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई।
जानकारी के अनुसार रामपुर गांव निवासी राममूरत राम (70) का मकान मांझा-सैदपुर मार्ग पर सड़क किनारे स्थित है। शुक्रवार की रात वह भोजन करने के बाद घर के सामने खटिया बिछाकर सो गया। रात में किसी समय अज्ञात लोगों ने सिर पर गंभीर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव के ऊपर चादर डाल दिया। राममूरत जल्द जग जाता था। शनिवार की सुबह जब काफी देर बाद भी वह नहीं जगा तो परिजन उसके पास पहुंचे। चादर हटाया तो देखा कि मुंह से खून निकल रहा था। सिर के दाहिनी तरफ गंभीर चोट था और खून रिस रहा था। यह देख परिजन चीख-पुकार करने लगे। जानकारी होते ही तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में थानाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी सिटी गोपनाथ सोनी, सदर सीओ ओजस्वी चावला भी घटना स्थल पहुंचे। परिवार के लोगों से बातचीत करते हुए घटना के संबंध में जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि राममूरत की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। इस संबंध में अजय कुमार पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

About Post Author