ट्रैक्टर चालक फागु खरवार की हत्या में वांछित आरोपित चढ़े पुलिस के हत्थे

गाजीपुर जनपद की भांवरकोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक फागू खरवार पुत्र रामानाथ खरवार निवासी ग्राम हकीमपुर थाना इटाडी जिला बक्सर विहार की हत्या में वांछित आरोपित संदीप यादव पुत्र दिनेश यादव निवासी बसनिया व कुलदीप यादव उर्फ प्रिन्स पुत्र रामाश्रय यादव निवासी नारायणपुर थाना करंडा को गुरुवार को कनुवान बैंक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
फागू खरवार बुधवार आधी रात को ट्रैक्टर व भूसा मशीन लेकर बसनिया से जा रहा था। ट्रैक्टर से पास देने में विलंब होने पर बाइक सवारों ने ईंट से कूचकर उसकी हत्या कर दिया। ट्रैक्टर मालिक देवेंद्र प्रजापति की तहरीर पर संदीप व कुलदीप के खिलाफ नामजद मामला पंजीकृत कर पुलिस अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ आदि ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अभियुक्तों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश थानाध्यक्ष शैलेश कुमार मिश्रा को दिया था।
मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष श्री मिश्र पुलिस बल के साथ यूनियन बैंक शाखा कनुवान के पास पहुंचकर दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की निशान देही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल ईंट का टुकडे घटनास्थल से बरामद किया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष शैलेश कुमार मिश्र,उप निरीक्षक सकलदीप सिंह, मदन गौतम, अंजनी राय शामिल रहे।