त्रिदंडी स्वामी के मुख से रामावतार प्रसंग सुन निहाल हुए श्रद्धालु

गाजीपुर। अवध घर आनंद भयो जय राजा राम की… करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोड़उर गांव में बुधवार को कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के दौरान गंगापुत्र श्री लक्ष्मीनारायण त्रिदंडी स्वामी महाराज के मुख से भागवत कथा में भगवान राम के अवतार का प्रसंग सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
त्रिदंडी स्वामी ने भागवत के माध्यम से प्रभु राम के अवतार की कथा बयां किया। उन्होंने धरती पर राम के अवतार की महिमा बतायी।उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने आचरण व्यवहार द्वारा शिक्षा देने के लिए प्रभु श्रीराम का अवतार होता है। राम का अवतार दुष्टों के विनाश, संतों का दर्शन करने के लिए हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रात काल उठके रघुनाथा, मात पिता गुरु नाव ही माथा। यानी सबसे पहले अपने माता-पिता का आदर करना चाहिए। त्रिदंडी स्वामी के मुख से चल रही कथा सुनने के लिए दूर-दूर से लोगों की भीड़ जुट रही है।लोग यज्ञशाला की परिक्रमा कर रहे हैं।दोपहर एवं रात्रि में वृन्दावन से आये कलाकारों के द्वारा रामलीला एवं रासलीला का मंचन किया जा रहा है।
