मंत्री ने दी करोड़ों की सौगात, कहा एमएलसी चंचल सिंह की मेहनत लाई रंग |

गाजीपुर। मनिहारी विकास खंड में सोमवार को प्रदेश सरकार के ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती ने 40 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कैबिनेट मंत्री श्री सिंह दोपहर 12 बजे मनिहारी ब्लाक परिसर में आयोजित ग्राम प्रधानों का विदाई समारोह एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों के सम्मान समारोह कार्यक्रम में पहुंचे। मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित मनिहारी विकास खंड के सभी गांव के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। आने वाले पंचायत चुनाव में जीत की अग्रिम बधाई दी। इसके बाद मंत्री ने कर्मचारी आवास सभागार आदि के लिए भूमि पूजन किया। इस मौके पर मंत्री श्री सिंह ने कहा कि 40 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण की स्वीकृति एमएलसी विशाल सिंह चंचल की मेहनत से हुई है।

इससे पहले मंत्री का स्वागत एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने स्मृति चिन्ह देकर एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद मनिहारी ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने भी माल्यार्पण एवं बुके देकर उनका सम्मान किया। मंत्री के अलावा एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जमानिया विधायक सुनीता सिंह ने पौधरोपण किया। इस मौके पर सदर विधायक डा. संगीता बलवंत, मनिहारी ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकार श्रीप्रकाश गुप्ता, उपजिलाधिकारी जखनिया सूरज यादव, अधिशासी अभियंता जलनिगम, आरईएस, परियोजना निदेशक विजय प्रकाश वर्मा, प्रधानगण, बी.डी.सी. रोजगार सेवक संघ, सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं आमजनमानस, प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। संचालन प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष जयराम सिंह तथा अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने किया।