देश की स्मृद्धि का आधार किसान ही है-वीरेन्द्र सिंह मस्त,पातालगंगा मंडी में किसान संवाद का आयोजन

देश की स्मृद्धि का आधार किसान ही है-वीरेन्द्र सिंह मस्त
पातालगंगा मंडी में किसान संवाद का आयोजन
गाजीपुर। जब तक देश के अन्नदाता किसान समृद्ध नहीं होंगे तब तक देश समृद्ध एवं गौरवशाली तथा आत्मनिर्भर नहीं हो सकता है। देश की स्मृद्धि का आधार किसान ही है। यह बातें बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने भांवरकोल क्षेत्र के पातालगंगा सब्जी मंडी में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह इलाका शुरू से ही देश का सर्वाधिक उत्पादन का क्षेत्र रहा है। किसानों को उनके उत्पादन का लाभकारी मूल्य मिले यह मुद्दा मैंने संसद में उठाया था और इसे पुनः उठाऊंगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पतालगंगा सब्जी मंडी की स्थापना के लिए जिला प्रशासन से बात हो चुकी है। अब किसी भी सूरत में यह सब्जी मंडी यहां से नहीं हटेगी। उन्होंने क्षेत्र के किसानों की मांग पर पतालगंगा से अवथहीं मार्ग तक सड़क के चौड़ीकरण और पटरी का निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने किसानों को भरोसा दिया कि किसानो की समृद्धि का रास्ता इसी पतालगंगा मंडी से ही खुलेगा।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान किसानो ने उत्पादन बढ़ाकर देश की आर्थिक दशा सुधारने में बड़ा काम किया है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गंगा किनारे 5 किलोमीटर के दायरे में प्राकृतिक खेती के लिए सरकार सब्सिडी दे रही है और उनके उत्पादन की खरीद के लिए तीन खरीद केंद्र की व्यवस्था कर किसानों को लाभकारी मूल्य दिया जाएगा। कार्यक्रम में व्यापारियों एवं किसानों ने सांसद को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बीडीओ रामकृपाल यादव, भाजपा नेता बीरेन्द्र राय, ब्लाक प्रमुख मुहम्मदाबाद अवधेश राय, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि भांवरकोल आनंन्द राय मुन्ना, मनोज राय, सदानंद राय, विनोद राय समेत ढेर सारे लोग शामिल रहे।