सोमेश्वर नाथ महादेव के धाम महादेवा में देव दीपावली पर्व हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

सोमेश्वर नाथ धाम में यैसा नजारा दिखा जैसे तारे जमीन पर उतर गये हैं
गाजीपुर जनपद में कार्तिक मास के पूर्णिमा के दिव्य मौके पर बाबा सोमेश्वर नाथ महादेव का परिसर देव दीपावली के दौरान जलाए गये दीयो से जगमगा उठा। जिसकी अलौकिक छटा देख लोगों के मुख से अनायास ही निकल जा रहा था,वाह! क्या अद्भुत नजारा है। मानो आकाश के तारे साक्षात जमीन पर उतर आए हों।

आचार्य पंडित अभिषेक तिवारी की देखरेख में कई वर्षों से मंदिर परिसर में देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कोरोना महामारी को ध्यान में रखकर इसका आयोजन किया गया,बावजूद बाबा सोमेश्वर महादेव की कृपा से इस वर्ष भी भव्यता में कोई कमी नहीं रही।

देव दीपावली को लेकर उत्साहित युवक,युवतियां व बच्चों में किसी ने भारत का नक्शा,कोई ॐ, कोई स्वास्तिक तो कोई बड़ी बड़ी आकृति वाली रंगोली बनाकर उसे दीयों से सजाया था। जिसकी अलौकिक छटा देखते बन रही थी।

देव दीपावली के अलौकिक नजारा को हर कोई अपने कैमरे में कैद करने को आतुर दिख रहा था। कोई सेल्फी लेकर तो कोई ग्रुप फोटो खिचवाते दिखा।

देव दीपावली में दीप जलाने में पुलिस कर्मी भी काफी सक्रिय दिखे। पुलिस के जवान व महिला पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी निभाते हुए अद्भुत नजारा को देख अपने को नहीं रोक पा रहे थे और दीयों को स्वयं जलाकर सजाने में जुटे दिखे।

देव दीपावली के शुभ अवसर पर बाबा सोमेश्वर नाथ का भव्य श्रृंगार किया गया था। गर्भगृह के अंदर जल रहे रंग बिरंगे लाइट उनकी भव्यता और बढ़ा दे रही थी।
