संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सिद्धपीठ हथियाराम मठ पहुंच बुढिया माई का किया पूजन

संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सिद्धपीठ हथियाराम मठ पहुंच बुढिया माई का किया पूजन
गाजीपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत बुधवार को सिद्धपीठ हथियाराम मठ पहुंचकर बुढ़िया माता और मां सिद्धेवरी के दरबार में शीष नवाकर विश्व कल्याण की कामना की। उन्होंने हथियाराम मठ के महंत एवं जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी भवानी नन्दन यति के सानिध्य में वैदिक मन्त्रोच्चार के बीच जगत जननी की विधिवत पूजा-आराधना किये। मध्याह्न में भोजन और विश्राम के उपरांत अपराह्न चार बजे से स्वामी भवानीनन्दन यति चतुर्मास महायज्ञ में शामिल होकर देवाधिदेव भगवान शिव की आराधना-वंदना करते हुए रुद्राभिषेक किये।
यज्ञाचार्य पंडित विनोद उपाध्याय के निर्देशन में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा किये जा रहे मन्त्रोच्चार से समूचा अंचल गुंजायमान हो उठा। तदोपरांत शिव संकल्प संवाद कार्यक्रम में उनका सम्बोधन होगा। इससे पहले संघ प्रमुख सड़क मार्ग से 11.15 बजे सिद्धपीठ पर पहुंचे। यहां महंत भवानीनंदन के निर्देशन में महंत पवाहारी बालकृष्ण यति कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने पुष्प बर्षाकर तथा स्वागत गीत के माध्यम से उनका स्वागत किया।
इस दौरान जय श्रीराम के नारे लगाए गए। मां जगदम्बा की स्तुति “अयि गिरिनन्दिनी नन्दितमेदिनी विश्वविनोदिनी नन्दिनुते। गिरिवर विन्ध्य शिरोधिनिवासिनि विष्णुविलासिनी जिष्णुनुते। मंत्र द्वारा की गई। गौरतलब है कि संघ प्रमुख पांच दिवसीय प्रवास कार्यक्रम अंतर्गत काशी आये हैं, जिसके अंतर्गत सिद्धपीठ पर उनका लगभग बाइस घंटे का प्रवास कार्यक्रम है। इसके मद्देनजर मठ परिसर को भव्य तरीके से सजाया-संवारा गया है, जो काफी आकर्षक रही। हर तरफ फूलों की महक आ रही थी। संघ प्रमुख के आगमन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन काफी अलर्ट दिखा।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में छह जिलों से आयी फोर्स ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखा है। इस मौके पर डा. रत्नाकर त्रिपाठी, संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, सादात ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव, डा. संतोष मिश्र, पंकज सिंह, प्रवीण सिंह, अच्छेलाल गुप्ता, सरोज कुशवाहा, विपिन सिंह, संकठा प्रसाद मिश्र, रामचंद्र, मुनीश, राजेन्द्र, मुरली पाल, राकेश, सच्चिदानंद, शिवनारायण, पुजारी सर्वेश मिश्रा, लौटू प्रसाद, डा. अमिता दूबे, डा. सानंद सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, सहित अनेक गणमान्यजन व कन्या महाविद्यालय की छात्राएं व समस्त स्टाफ तथा मठ से जुड़े अनेक शिष्यगण उपस्थित रहे।