मनबढ़ों ने किसान नीरज राय पर किया जानलेवा हमला

मनबढ़ों ने किसान नीरज राय पर किया जानलेवा हमला
गाजीपुर जनपद के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के जोगामुसाहिब गांव में शनिवार को एक किसान पर बिंद बस्ती के मनबढ़ों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। घायलावस्था में किसान को जिला अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वे पुलिस को मिर्च के पौधों के नुकसान को दिखाकर वापस लौट रहे थे। घायल के भाई ने तीन नामजद एवं छह अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस दबिश देने में जुटी है।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के जोगा मुसाहिब गांव निवासी किसान नीरज राय (22) ने अपने खेत में मिर्च का पौधा लगाया है। आरोप है कि पौधों को बिंद बस्ती के लोगों ने नुकसान पहुंचाया । सुबह जब नीरज खेत पर पहुंचे तो पौधों का नुकसान देखकर शिकायत करने के लिए थाने चले गए। पुलिस से वह अपनी शिकायत दर्ज कराकर वापस आ रहे थे। इधर बिंद बस्ती के मनबढ़ पहले घात लगाए बैठे थे। उनके आते ही कुल्हाड़ी और लाठी-डंडा से नीरज पर हमला कर दिया।
मनबढ़ों के हौसले इतने बुलंद थे कि कुछ ही दूरी पर पुलिस भी मौजूद थी, बावजूद घटना को अंजाम देकर वे मौके से भाग निकले। इधर गंभीर रूप से घायल नीरज राय सड़क पर गिर पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस परिजनों को सूचना देने के बाद घायल नीरज को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
घायल के भाई गोविंद राय ने बस्ती के तीन लोगों के खिलाफ नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि नीरज राय का खेत बिंद बस्ती के पास है। खेत में लगे पौधों को नुकसान पहुंचाया गया था। जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। किसान की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी। तहरीर मिली है। आरोपियों को दबोचने के लिए दबिश जारी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।