महर्षि भृगु की धरती पर अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन में बिखरी अलौकिक छटा

महर्षि भृगु की धरती पर अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन में बिखरी अलौकिक छटा
केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने जीयर स्वामी द्वारा आयोजित धर्म सम्मेलन का उद्घाटन किया
बलिया,महर्षि भृगु की तपोस्थली के रूप में विख्यात बलिया की धरती पर शनिवार को आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का अद्भुत संगम दिखा। यहां गंगा किनारे आयोजित श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ के दौरान देश-विदेश से आए बड़े-बड़े साधु-संतों की मौजूदगी में हुए अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का नजारा कुछ ऐसा ही था। सुबह से देरशाम तक वेद शास्त्रों पर गहन परिचर्चा हुई। जिसके साक्षी लाखों लोग बने।
श्रीलक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज के सानिध्य में चल रहे पांच दिवसीय श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ के धर्म सम्मेलन में सैकड़ों सन्त-महात्मा देश के कोने-कोने से एक मंच पर पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन निरंजन ज्योति ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद जीयर स्वामी ने सबसे पहले सभी अतिथियों का फूल माला से स्वागत किया। एक मंच पर भारत के कोने-कोने से आए संत-महात्मा का दर्शन करने के लिए हजारों की संख्या में लोग विशाल पंडाल में बैठकर आनंद ले रहे थे। एक साथ इतने संत को देखने का बलिया समेत आसपास के लोगों को सौभाग्य प्राप्त हुआ।
जीयर स्वामी जी बारी-बारी से सबको संबोधित करने का आग्रह कर रहे थे। संत महात्माओं का उद्बोधन से भक्त गण आनंदित हो रहे थे। जीयर स्वामी जी महाराज ने कहा कि एक संत के दर्शन हो जाने से पूरा जीवन धन्य हो जाता है। यहां तो सैकड़ों की संख्या में संत-महात्मा एक मंच पर आसीन हैं। ऐसे दृश्य को देखने के लिए देवता भी आतुर रहते हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे जी उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रजनी तिवारी, यज्ञ समिति के मुख्य संरक्षक परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, यज्ञ समिति के अध्यक्ष राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी, अयोध्या के विधायक डा. अमित सिंह उपस्थित रहे।
लाखों श्रद्धालुओं ने किया यज्ञ मंडप की परिक्रमा
भव्य पंडाल में यज्ञ समिति की तरफ से सुबह से ही भंडारे का आयोजन किया गया था जो रात तक चलता रहा। हजारों कार्यकर्ता यज्ञ और धर्म सम्मेलन में आए लोगों की सेवा में लगे रहे। जबकि सैकड़ों पुलिसकर्मी सुबह से लेकर रात्रि तक डटे रहे। प्रदेश के अलावा बिहार और झारखंड से काफी संख्या में लोगों ने यज्ञ में हिस्सा लिया। यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के लिए पूरा जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप का परिक्रमा किया और प्रसाद ग्रहण किया। यज्ञ में हिस्सा लेने के लिए दिन भर लोगों का आना जाना लगा रहा। 10 किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी लाइन लगी रही।
मनोज तिवारी ने किया मंत्रमुग्ध
अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन में संतों की अमृतवाणी के बाद सुरों की भी सरिता जमकर बही। रात के आठ बजते ही सांस्कृतिक भजन का कार्यक्रम प्रारंभ हो गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी गायक व सांसद मनोज तिवारी, भोजपुरी गायक भरत शर्मा व्यास तथा अंकुश राजा सहित दर्जनों कलाकारों ने अपनी-अपनी प्रस्तुति दी। अंकुश राजा ने जीयर स्वामी जी पर बनाये हुए भजन गाकर सबको मन्त्रमुग्ध कर दिया। यज्ञ समिति की तरफ से कमलेश सिंह द्वारा सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया।