नोबेल पुरस्कार 2022: तीन वैज्ञानिकों को भौतिकी विज्ञान के लिए नोबेल प्राइज

नोबेल पुरस्कार 2022: तीन वैज्ञानिकों को भौतिकी विज्ञान के लिए नोबेल प्राइज
एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉजर और एंटोन ज़िलिंगर को भौतिकी विज्ञान के लिए नोबेल प्राइज से सम्मानित किया गया है.
नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की शुरुआत हो गई है. इसी क्रम में मंगलवार (4 अक्टूबर) को भौतिकी विज्ञान (Physics Science) के लिए नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की गई. रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉजर और एंटोन ज़िलिंगर को भौतिकी में 2022 नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया है. तीनों वैज्ञानिकों को ‘क्वांटम मेकैनिक्स’ के क्षेत्र में कार्य करने के लिए ये पुरस्कार दिया गया है.
नोबेल पुरस्कार की घोषणा सोमवार (3 अक्टूबर) को स्वीडिश वैज्ञानिक स्वंते पाबो को निएंडरथल डीएनए पर उनकी खोजों के लिए चिकित्सा में पुरस्कार प्राप्त करने के साथ शुरू हुई. पाबो ने आधुनिक मानव और विलुप्त प्रजातियों के जीनोम की तुलना कर ये बताया कि दोनों में आपसी मिश्रण है.
इस सप्ताह के दौरान बुधवार को रसायन शास्त्र और गुरुवार को साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा. नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को की जाएगी जबकि अर्थशास्त्र पुरस्कार की घोषणा 10 अक्टूबर को की जाएगी.
भौतिकी विज्ञान (Physics Science) के लिए 2021 में भी तीन वैज्ञानिकों- स्यूकुरो मानेबे, क्लाउस हैसलमैन और जियोर्जियो पेरिसी को नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. ये पुरस्कार प्रकृति की जटिल ताकतों को समझने के लिए किए गए काम के लिए दिया गया था. इस खोज से जलवायु परिवर्तन को समझने में सहायता मिली थी..