80 लाख की हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार

80 लाख की हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार
गाजीपुर। एसपी के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा अपराध-अपराधियों और अवैध शराब एवं हेरोइन तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दिलदारनदर थाना पुलिस और स्वाट टीम को शुक्रवार को बड़ा सफलता मिली। उन्होंने दो महिलाओं सहित तीन हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने अभियुक्तों को मीडिया के समक्ष पेश किया। उन्होंने बताया कि तस्करों के पास से 845 ग्राम हेरोइन के साथ ही असलहा-कारतूस भी बरामद हुआ।
बरामद हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 80 लाख 45 हजार है। एसपी ने बताया कि आज सुबह दिलदारनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह स्वाट टीम प्रभारी सुनील कुमार तिवारी के हमराहियों के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र कुशी जाने वाली सड़क कशी गांव के पास करीब सवा सात बजे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्करों में दिलदारनगर थाना के कुशी निवासी मंगला सिंह कुशवाहा, मनकेशरी देवी पत्नी मंगला सिंह कुशवाहा और रीता देवी पत्नी सिपाही कुशवाहा शामिल है।
मंगला के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक तारतूस, 367 ग्राम हेरोइन, मनकेशरी के पास 333 और रीता के बास से 115 ग्राम सहित कुल 845 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि लंबे समय हेरोइन तस्करी के कार्य में लिप्त है। एसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्कर पर रोक लगाने के लिए जिला पुलिस द्वारा लगातार काम किया जा रहा है। विगत दो महीने में लगभग 40 लोगों को जेल भेजा गया है और 37 से अधिक मुकदमें पंजीकृत किए गए है।
विगत दो महीने में लगभग दो किलोग्राम हेरोइन बरामद किया गया है। आज तो तस्कर फंदे में आए है, वह बाहर से माल लाकर इसकी सप्लाई करते थे। इनसे जुड़े लोगों की भी तलाश शुरु कर दी गई है। मादक पर्दाथ तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। इसकी तस्करी करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक और स्वाट टीम के साथ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक सचिन सिंह और कांस्टेबल चंदन सिंह आदि शामिल थे।