बलिया में तिहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, गिरफ्तार अभियुक्तो ने बताई खौफनाक कहानी

बलिया में तिहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, गिरफ्तार अभियुक्तो ने बताई खौफनाक कहानी
बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के सोनवानी गांव में हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से एक्शन मोड में आई पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला पैसे के लेनदेन का बताया जा रहा है। अभियुक्तों की निशानदेही पर आला कत्ल चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने बताया कि सोनवानी गांव में उमाशंकर सिंह तथा उनके दो पुत्र विक्रम सिंह व संदीप सिंह की हत्या में गांव के प्रवीण कुमार सिंह उर्फ भोलू पुत्र सत्यनारायण सिंह, मानवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ छोटू पुत्र टुनटुन सिंह, अमन सिंह उर्फ मोनू पुत्र अनिल सिंह तथा संजीत सिंह पुत्र मोती चंद सिंह को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि हल्दी अंतर्गत ग्राम सभा सोनवानी में शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा मृतक की पहचान गांव के ही आनंद विक्रम सिंह पुत्र उमाशंकर सिंह के रूप में किया गया, जिनके घर जाने पर पता चला कि इनके पिता उमाशंकर सिंह पुत्र स्व. राम चंद्र सिंह का शव उनके घर पर पड़ा है। मुकदमा पंजीकृत कर घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए सफल अनावरण को अपर पुलिस महानिदेशक जोन वाराणसी राम कुमार के मार्गदर्शन व पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ अखिलेश कुमार के दिशा निर्देशन में तत्काल पांच टीमें गठित किया गया। गठित टीम द्वारा घटना के आठ अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतक आनंद विक्रम सिंह के भाई संदीप सिंह का शव भी कुएं से तथा घटना में प्रयुक्त आला कत्ल चाकू भी बरामद किया गया। मृतक का मोबाइल फोन व कपड़ा तथा अभियुक्त द्वारा घटना के दौरान पहने गए खून के निशान वाले कपड़े भी बरामद किया गया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा पूछताछ में बताया गया कि संदीप सिंह व प्रवीण सिंह उर्फ भोलू के बीच में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था। इस वजह से भोलू सिंह व अन्य साथियों द्वारा संदीप सिंह की हत्या कर शव को कुएं में छिपा दिया गया। संदीप सिंह को उनके घर से ले जाते समय पिता व भाई ने देख लिया था, जिस कारण अभियुक्तों द्वारा उनके भाई व पिता की भी हत्या कर दी गई।