June 21, 2025

होटल मधुर तरंग गाजीपुर कुर्क,मामला दहेज हत्या का

 

होटल मधुर तरंग गाजीपुर कुर्क,मामला दहेज हत्या का

गाजीपुर। दहेज हत्या के पुराने मामले में वांछित आरोपी, मृतका के सास, श्वसुर और देवर की अब तक गिरफ्तारी न होने पर न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों के होटल की चल सम्पत्ति को कुर्क करने का निर्देश दिया।
न्यायालयी आदेश के अनुपालन के क्रम में, सदर कोतवाली पुलिस ने रविवार को शहर के लंका- रेलवे स्टेशन मार्ग पर स्थित मधुर तरंग होटल की करीब नौ लाख रुपये की चल संपत्ति को कुर्क कर लिया।
उल्लेखनीय है कि जिले के बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर निवासी आशा जायसवाल का विवाह सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रकाशनगर निवासी आशुतोष जायसवाल से हुई थी।
विवाहिता आशा जायसवाल का शव गत 05 जून 2021 को प्रकाश नगर स्थित मकान के कमरे में, संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। मृतका आशा जायसवाल के भाई बबलू जायसवाल ने उसके पति आशुतोष जायसवाल, श्वसुर उदय प्रताप जायसवाल, सास सुधा जायसवाल और देवर अश्वनी जायसवाल के खिलाफ दहेज हत्या का अभियोग पंजीकृत कराया। अभियोग पंजीकृत होते ही उसी दिन इलाकाई पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
उस समय से ही पुलिस अन्य तीन आरोपियों की सुरागरसी में लगी हुई थी परन्तु उन्हें गिरफ्तार करने में असफल रही। कई प्रयासों के बावजूद
वांछित अभियुक्तों के पकड़ में न आने पर न्यायालय ने गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। वहीं गत 27 जनवरी को पुलिस टीम ने आरोपितों के प्रकाशनगर के घर को कुर्क कर दिया, फिर भी वांछित आरोपियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया तो न्यायालय के आदेश पर रविवार को होटल मधुर तरंग की चल संपत्ति को कुर्क कर दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपी परिजनों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि होटल मधुर तरंग सुधा जायसवाल के नाम से दर्ज था। घटना के बाद सुधा जायसवाल ने होटल को किराए पर दे दिया था, जिसके कारण पुलिस होटल को कुर्क नहीं कर पा रही थी और किराए के एग्रीमेंट की समाप्ति तिथि का इंतजार कर रही थी। गत 14 मार्च को जैसे ही किराये का एग्रीमेंट समाप्त हुआ। पुलिस ने न्यायालय को सारी स्थिति से अवगत कराया। इस पर न्यायालय ने होटल मधुर तरंग को रविवार को कुर्क कर दिया

About Post Author

You may have missed