आज रात एक बजे होगा होलिका दहन, 18 मार्च को मनाया जायेगा होली
आज रात एक बजे होगा होलिका दहन, 18 मार्च को मनाया जायेगा होली
वाराणसी। रंगो का पर्व होली दरवाजे पर आ खड़ा हुआ है। गुरुवार की रात होलिका दहन किया जाएगा और शुक्रवार की सुबह पूरी काशी रंग-गुलाल से सराबोर नजर आएगी। धर्म शास्त्र अनुसार होलिका दहन फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा की रात किया जाता है। पूर्णिमा 17 मार्च को दोपहर 1.03 बजे लग रही है जो 18 मार्च को दोपहर 12.52 बजे तक है। ऐसे में 17 मार्च को भद्रा समाप्ति के बाद रात 12.57 बजे के बाद होलिका दहन किया जाएगा। हालांकि धर्म शास्त्र अनुसार होलिका दहन के बाद सूर्योदय काल व्यापिनी चैत्र कृष्ण प्रतिपदा में रंगोत्सव मनाया जाना चाहिए। इस बार प्रतिपदा 18 मार्च को दोपहर 12.53 बजे लग रही है जो 19 मार्च को दोपहर तक है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग में पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय पांडेय के अनुसार चैत्र कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा उदया तिथि में 19 मार्च को ही मिल रही है लेकिन काशी में चौदह योगिनी परिक्रमा यात्रा के मान के तहत 18 मार्च को ही होली मनाई जाएगी।