मोख्तार के खिलाफ सदर में अशोक सिंह पंहुचे मऊ
मोख्तार के खिलाफ सदर में अशोक सिंह पंहुचे मऊ
हर तरफ जमकर स्वागत. कहे माफिया से मुक्त होगा जिला
मऊ। सदर सीट से इस बार मोख्तार अंसारी का सफाया होगा, जनता मूड बना चुकी है। जनता इस बार मऊ में कमल खिलाकर ही दम लेगी। उक्त उद्गार भारतीय जनता पार्टी द्वारा 356 मऊ सदर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाए गये अशोक सिंह के हैं जो प्रत्याशी घोषित होने के बाद लोगों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। अशोक सिंह का रविवार को लखनऊ से जनपद में प्रथम आगमन पर उनका जगह-जगह जमकर स्वागत किया गया। श्री सिंह लखनऊ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से उतर सीधे मऊ जनपद स्थित मां वनदेवी के नाम पंहुचे और पूजन अर्चन किया। उसके बाद उनका काफिला वनदेवी से कहिनौर, बढ़ुआ गोदाम, फातिमा मोड़, डुमरांव मोड़ होते हुए बकवल, नरईं बांध, मुंशीपुरा मोड़, सहादतपुरा होते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचा।
वहां पर प्रभारी सहजानंद राय व जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर फूल माला से स्वागत किया।
स्वागत से अभिभूत मऊ सदर से भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह ने कहा की मऊ में विकास का कोई काम नहीं हुआ है, जो भी मऊ का विकास का काम ठप है सभी 10 मार्च के बाद सरकार बनने के बाद शुरू हो जाएंगे। मोख्तार ने मेरे भाई की हत्या कराई थी, जिसका मुकदमा हाइकोर्ट में चल रहा है। अब मऊ मोख्तार मुक्त होगा।
जनपद की चारो विधानसभा सीटों को भाजपा के प्रत्याशी भारी मतों के अंतर से जीतेंगे। सपा, बसपा जैसे विपक्ष की गैर जिम्मेदाराना सरकार की नीतियों से आजिज आ चुकी प्रदेश की जनता अब पूरी तरह से भाजपा की विकासवादी नीतियों के साथ खड़ी है। केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार ने जनता का विश्वास जीत लिया है। पूरे प्रदेश में अब कानून का राज है, अपराधी या तो जेल में हैं या तो अपना परिणाम भुगत चुके है।
इस विधानसभा चुनाव में मऊ जनपद को जिले के वोटर अपने वोट के चोट से माफिया मुक्त बना देंगे ऐसा हम सब को पूर्ण विश्वास है।
पूरे प्रदेश में विकास का पहिया तेज गति से दौड़ रहा है जो की अब विपक्ष के राजनैतिक पैतरेबाजी के बाद भी रुकने वाला नहीं है। पूरे प्रदेश की जनता अपना हित भाजपा के साथ जोड़ चुकी है।
भाजपा कार्यालय से स्वागत के बाद बालनिकेतन, भीटी अंदरी मोड़, पहसा, हलधरपुर, रतनपुरा होते हुए बेलौझा पंहुचा। इसके पूर्व श्री सिंह ने डुमराव मोड़ पर पंडित श्याम नारायण पांडेय, जिला अस्पताल में स्वर्गीय कल्पनाथ राय, गाजीपुर तिराहा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय, रोडवेज स्थित पंडित अलगूराय शास्त्री एवं डीसीएसके पीजी कॉलेज स्थित स्वर्गीय हौसिल सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन् किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, विजय नारायण शर्मा, संतोष सिंह, गनेश सिंह, संजय पाण्डेय, आनंद प्रताप सिंह, अनिल श्रीवास्तव, संगीता द्विवेदी, रामाश्रय, नूपुर अग्रवाल, संजीव जायसवाल, यादवेंद्र सिंह, राकेश तिवारी, सुनील यादव, राघवेंद्र शर्मा, दीपू सिंह, अभिषेक राय इत्यादि मौजूद रहे।