जानें सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के पास कितना पैसा-सोना और जमीन
जानें सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के पास कितना पैसा-सोना और जमीन
सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भी शुक्रवार को गाजीपुर की जहूराबाद सीट से नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के साथ लगाए गए हलफनामे में उन्होंने अपने परिवार की संपत्ति का ब्योरा भी दिया है। इसमें राजभऱ के साथ ही उनकी पत्नी और दोनों बेटों के पास मौजूद संपत्ति का भी पूरा विवरण है।
संपत्ति के मामले में परिवार में सबसे ज्यादा अमीर उनकी पत्नी तारामनी हैं। राजभर ने अपने साथ ही पत्नी और दो बेटों को परिवार का सदस्य बताया है। राजभर ने 2 करोड़ 61 लाख 31 हजार 359 रुपये की संपत्ति दिखाई है। इसमें चल संपत्ति और नगद 67 लाख 81 हजार 359 रुपये हैं। अचल संपत्ति यानी जमीन और मकान की कीमत 1 करोड़ 93 लाख 50 हजार है।
नगद और चल संपत्ति
राजभर के हलफनामे के अनुसार परिवार के पास नगद और अचल संपत्ति 67 लाख 81 हजार 359 रुपये की है। इसमें राजभर के पास बैंक में ज्यादा रुपये हैं और पत्नी के पास ज्यादा कीमत के गहने हैं। राजभर के पास कुल 32 लाख 79 हजार 879 रुपये नगद और अचल संपत्ति के रूप में हैं। पत्नी के पास 7 लाख 77 हजार 299, बेटे अरविंद के पास 14 लाख 78 हजार 942 और अरुण के पास 12 लाख 45 हजार 239 रुपये नगद या अचल संपत्ति है।
राजभर की पत्नी तारामनी, बेटे अरविंद औऱ अरुण के पास फिलहाल कुल 2 लाख 65 हजार नगद है। इसमें सबसे ज्यादा ओमप्रकाश राजभर के पास 75 हजार नगद है। पत्नी के पास 55 हजार, अरविंद के पास 70 हजार और अरुण के पास 65 हजार नगद है।
किसी के पास तीन तो किसी के पास चार बैंक खाते
ओमप्रकाश के पास तीन बैंक एकाउंट है। तीनों में 27 लाख 72 हजार 279 रुपये हैं। पत्नी के पास दो बैंक एकाउंट है। इसमें 1 लाख 96 हजार 39 रुपये हैं। अरविंद के पास भी चार बैंक खाते हैं। एक में पैसा नहीं है। अन्य तीन में 1 लाख 97 हजार 168 रुपये हैं। अरुण के पास भी चार बैंक खाते हैं। चारों में कुल 6 लाख 2 हजार 564 रुपये हैं।
आभूषण के अलावा एक कार और तीन असलहे के मालिक
चल संपत्ति के रूप में आभूषण, कार. एक रिवाल्वर और दो पिस्टल दिखाई गई है। आभूषणों में ओमप्रकाश के पास दो सोने की चेन और 6 अंगूठी है। चेन की कीमत 1 लाख 48 हजार 800 और अंगूठी की कीमत भी इतनी ही है। पत्नी के पास 3 चेन, 4 झुमका और 4 कंगन हैं। सभी की कुल कीमत 5 लाख 25 हजार 760 है।
अरविंद के पास दो चेन और 5 अंगूठी है। जिसकी कीमत 2 लाख 72 हजार 300 है। अरुण के पास दो चेन और 2 अंगूठी है। इनकी कीमत 1 लाख 98 हजार 400 है। इसके अलावा एक अंबेसडर का है, जिसकी कीमत 40 हजार है। ओमप्रकाश के पास 95 हजार का रिवाल्वर और दोनों बेटों के पास 85-85 हजार वाले पिस्टल हैं।
परिवार में कुल 11 अचल संपत्तियां
अचल संपत्ति के रूप में लखनऊ, बलिया और वाराणसी में कुल 11 संपत्तियां हैं। इसमें एक ओमप्रकाश राजभर और 9 उनकी पत्नी के नाम पर हैं। बेटे के नाम भी एक संपत्ति है। ज्यादातर कृषि भूमि है। ओमप्रकाश राजभर के नाम जो जमीन है उसकी कीमत 12 लाख बताई गई है। पत्नी के नाम पर कुल 1 करोड़ 72 लाख 50 हजार की जमीन और मकान है। बेटे के नाम पर नौ लाख की जमीन है।