अज्ञात वाहन ने ली बाइक सवार युवक की जान

अज्ञात वाहन ने ली बाइक सवार युवक की जान
गाजीपुर जनपद के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया गांव के पास मंगलवार की भोर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस दुर्घटना से घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रेवतीपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा निवासी अरविंद कुमार (30) सोमवार की रात नेवला का डेरा में शादी समारोह में बाइक से गया था। वहां से भोर में वापस लौट रहा था। इसी दौरान उसिया गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल होने से अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेते हुए दुघर्टना से मृतक के परिजनों को अवगत कराया। परिवार के लोग थाना पहुंच गए। शव पर नजर पड़ते ही दहाड़े मारकर रोने लगे। मौजूद लोग मां तिलावती देवी और पत्नी वर्षा को दिलासा देने में जुटे रहे। मृतक का एक लड़का और एक लड़की है। पत्नी के सामने अब उनके भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।