दिल्ली की तिहाड़ जेल में चाकूबाजी: लॉरेस बिश्नोई के साथी प्रिंस तेवतिया की चाकू घोंपकर हत्या

दिल्ली की तिहाड़ जेल में चाकूबाजी: लॉरेस बिश्नोई के साथी प्रिंस तेवतिया की चाकू घोंपकर हत्या
तिहाड़ जेल संख्या तीन में कैदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में प्रिंस तेवतिया नामक विचाराधीन कैदी की हत्या कर दी गई। झड़प में चार कैदी घायल भी हुए हैं।
हरिनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। हिरासत में हुई हत्या का मामला होने के कारण मामले की मजिस्ट्रेट जांच भी होगी। प्रिंस तेवतिया गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का साथी भी है।
जेल प्रशासन के अनुसार, घटना तब हुई जब प्रिंस व अताउर रहमान नामक कैदी अपने बैरक से बाहर वार्ड के कामन एरिया में चहलकदमी कर रहे थे। आरोप है कि प्रिंस ने पहले अब्दुर रहमान पर नुकीले हथियार से वार किया। प्रत्युत्तर में अब्दुर रहमान ने प्रिंस पर वार करना शुरू किया।
सुआ-चाकू से किया हमला
शोर-शराबा होता देख प्रिंस व अताउर रहमान के साथी दोनों वहां पहुंचे और दोनों गुटों में झड़प शुरू हो गई। इस दौरान किसी ने सुआ तो किसी ने चाकू का इस्तेमाल कर एक दूसरे पर जमकर वार किया। जब तक वहां जेलकर्मी पहुंचते, तब तक मामला हाथ से निकल चुका था।
चार कैदी गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। जेलकर्मियों ने फौरन घायलों को जेल के सेंट्रल अस्पताल में पहुंचाया। यहां से सभी को डीडीयू अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में प्रिंस को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दिसंबर से जेल में बंद था प्रिंस
दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र में फॉर्च्यूनर कार लूटने के मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने प्रिंस को गिरफ्तार किया था। दिसंबर महीने में प्रिंस तिहाड़ आया था। प्रिंस दक्षिणी दिल्ली इलाके में काफी सक्रिय था। बाद में कुख्तात बदमाश लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से ही भी इसका संपर्क हो गया। सूत्रों का कहना है कि किसी मामले में अक्टूबर महीने में प्रिंस जेल में बंद था। उस दौरान भी इसपर जेल में हमला करवाया गया था।
लॉरेंस बिश्नोई से हाथ मिलाकर अपराध की दुनिया में जमाया सिक्का
प्रिंस तेवतिया अपराध की दुनिया में अपना नाम बनाने के लिए एक के बाद वारदात को अंजाम दे रहा था। वह अपना गैंग भी खड़ा कर रहा था। इसी दौरान वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में आया था, जिसके बाद अपराध में दुनिया में उसने अपना सिक्का जमाया। बड़े गैंगस्टर से हाथ मिलाने के बाद उसके गैंग की धमक भी बढ़ गई थी। पिछले वर्ष द्वारका में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद जब उसे गिरफ्तार किया था तो उसके पास से कई आधुनिक हथियार भी बरामद हुए थे। वह वर्ष 2008 में पहली बार एक झगड़े के मामले में गिरफ्तार हुआ था।
पिता के झगड़े का बदला लेने के लिए प्रिंस ने एक शख्स को मार दी थी गोली
गौरतलब है कि अक्टूबर 2019 में स्पेशल सेल ने मुठभेड़ के बाद प्रिंस तेवतिया को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस 23 अक्टूबर को महिपालपुर आने वाला है। जिसके बाद स्पेशल सेल ने उसे पकड़ लिया था। पुलिस के अनुसार, पहले प्रिंस एक चालक का काम करता था, जबकि उसके पिता सरकारी विभाग में माली का काम करते थे।
किसी बात को लेकर उसके पिता का एक शख्स से झगड़ा हुआ था। इसके बाद प्रिंस ने गोली मारकर उस शख्स की हत्या कर दी थी। इस मामले में अंबेडकर नगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था। चाल साल जेल में रहने के बाद उसने साल 2014 में अपना गैंग बना लिया था।