देव-दीपावली की साक्षी बनेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

देव-दीपावली की साक्षी बनेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
वाराणसी। काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों पर सजने वाली भव्य और दिव्य देव-दीपावली की साक्षी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी। सात नवंबर को होने वाले आयोजन में राष्ट्रपति बनारस पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ भी बनारस पहुंचेंगे। देव दीपावली की भव्यता को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गई हैं। अस्सी से राजघाट के बीच घाटों को सजाया जाएगा और संभावना है कि राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू क्रूज पर सवार होकर गंगा घाटों की भव्यता भी निहारेंगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण के कारण देव-दीपावली का आयोजन सात नवंबर को ही किया जाएगा। देव दीपावली पर गंगा के तट और कुंडों को भी भव्य रूप से सजाया जाएगा। घाटों को अलग-अलग थीम पर सजाया जाएगा और घाटों पर 10 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। पानी कम होने पर गंगा पार रेती पर दीप जलाए जाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सबसे पहले नमो घाट पर पहुंचेंगी और वहां के आयोजन को देखने के बाद क्रूज पर सवार होकर गंगा घाटों की भव्यता को देखने निकलेंगी।