भृगु की धरती बलिया में श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति पर उमड़ा आस्था का समुद्र

भृगु की धरती बलिया में श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति पर उमड़ा आस्था का समुद्र
श्री लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी के चातुर्मास व्रत के समापन पर आयोजित हुआ महायज्ञ
बलिया,श्रीलक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी के सानिध्य में चल रहे पांच दिवसीय श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति रविवार को दर्जनों आचार्यों के मंत्रोचार के बीच सैकड़ों यजमानों ने एक साथ आहुति देकर की। लाखों लोगों ने यज्ञ मंडप का परिक्रमा कर प्रसाद ग्रहण किया। माना जा रहा है कि इस ऐतिहासिक महायज्ञ को लोग सदियों तक याद रखेंगे।
पूर्णाहुति के बाद देश के कोने-कोने से आए हजारों साधु-संतों को अन्न तथा वस्त्र देकर श्री जीयर स्वामी जी ने विदाई दी। यज्ञ समिति के मुख्य संरक्षक परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सभी अचार्य लोगों को अपने हाथों दक्षिणा देकर विदा किया।
यज्ञ समिति के उप संरक्षक कमलेश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। यज्ञ स्थल के दोनों तरफ दस किलोमीटर तक लंबी लाइन लगी रही। जिसे पुलिस बल के जवान तथा यज्ञ समिति के वालंटियर संभालते रहे। वहीं, शनिवार को रात भर सांस्कृतिक भजन समारोह में श्रद्धालु आस्था की सरिता में डुबकी लगाते रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भरत शर्मा ब्यास ने स्वामी जी पर बने गीत गाकर किया। इसके बाद भोजपुरी गायक व सांसद मनोज तिवारी मृदुल, गोपाल राय व अंकुश राजा सहित दर्जनों कलाकारों ने लोगों को अपने भजनों पर झुमाया। जीयर स्वामी जी महाराज ने खुद अपने से सभी कलाकारों को सम्मानित किया।
मनोज तिवारी मृदुल ने कहा कि हम सब का सौभाग्य है कि भारत के इतने बड़े संत श्री जीयर स्वामी जी महाराज का दर्शन मिला। पूरे भारत में स्वामी जी के करोड़ों शिष्य हैं। हम सब स्वामी जी के दर्शन के लिए लालायित रहते हैं। धन्य है बलिया जनपद के लोग जिन्हें चार महीने तक स्वामी जी के सानिध्य में प्रवचन सुनने का सौभाग्य मिला।
भरत शर्मा व्यास ने कहा कि स्वामी जी के दर्शन मात्र से ही हम लोग धन्य हो जाते हैं। स्वामी जी के एक आदेश पर हम सब कहीं भी जुटने के लिए तैयार रहते हैं। यह हम सब का सौभाग्य है। अंकुश राजा ने स्वामी जी पर बने भजन गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। यज्ञ समिति के सैकड़ों कार्यकर्ता यज्ञ को सफल बनाने में दिन रात लगे रहे।
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भी रविवार को श्रीलक्ष्मीनारायण यज्ञ में पधार कर पूज्य स्वामी जी के दर्शन प्राप्त किए। लक्ष्मीनारायण यज्ञ की पूर्णाहुति यज्ञ समिति के मुख्य संरक्षक स्थानीय विधायक तथा परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के हाथों से वैदिक मंत्रोचार के बीच संपन्न हुई।
मोक्ष का द्वार है भागवत कथा : जीयर स्वामी
श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति पर जुटे लाखों लोगों को सम्बोधित करते हुए श्री जीयर स्वामी जी महाराज ने कहा कि 84 लाख योनियों में भ्रमण करने के बाद मानव योनि में आने का सौभाग्य प्राप्त होता है। अतः मनुष्य को चाहिए कि मानव जीवन को अच्छे कर्म करके जीवन को सार्थक बनाएं। मनुष्य को सत्संग अवश्य करना चाहिए और भागवत कथा का श्रवण भी करते रहना चाहिए। भागवत कथा का श्रवण धरती पर ही संभव है। यह स्वर्ग में भी नहीं सुनने को मिल पाता है। अतः जो व्यक्ति भाग्यशाली होता है। कई जन्मों का पुण्य होता है तो भागवत कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त होता है। भागवत कथा मोक्ष का द्वार है।