June 24, 2025

हर एक बाढ़ पीड़ित के साथ है प्रदेश सरकार- सीएम योगी

IMG-20220831-WA0039

हर एक बाढ़ पीड़ित के साथ है प्रदेश सरकार- सीएम योगी

गाजीपुर जिले में गंगा की वजह से आई बाढ़ गंभीर संकट का समय है। ऐेसे में प्रदेश सरकार हर स्तर पर सहायता के लिए आपके साथ है। प्रशासनिक अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों, के साथ ही पार्टी का हर कार्यकर्ता भी प्रभावित लोगों की सेवा के लिए तत्पर है। जनपद में कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे से भी किसान प्रभावित है और प्रदेश सरकार सभी के नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद करेंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुहम्मदाबाद नगर के अष्ट शहीद इंटर कालेज में आयोजित बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को राहत सामग्री वितरण एवं संवाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए जनपदवासियों से अपना लगाव जाहिर किया।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कम बारिश हुई है, लेकिन बाढ़ का यह संकट राजस्थान और मध्यप्रदेश से पानी छोड़े जाने के कारण हुआ है। उन राज्यों में भारी बारिश हुई और चंबल और बेतवा नदियों का पानी गंगा तथा यमुना नदियों में छोड़ना पड़ा। हालांकि इस बार बाढ़ पिछले साल से कम है और बाढ़ से प्रदेश के 11 सौ गांव प्रभावित है। उन्होंने बताया कि वह पूरे जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा कर के आए है। एक आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए बताया कि गाजीपुर में 33 गांव बाढ़ से प्रभावित है, जिसमें सात हजार परिवार है। सभी को बाढ़ शिविरों या उनके घरों तक राहत सामग्री, भोजन सामग्री दी जा रही है।


प्रभावित गांवों में 288 नाव, 31 गोताखोर, 178 आपदा मित्रों के साथ ही एनडीआरएफ की टीमों को लगाया गया है। एंटी रैबीज तथा एंटी वैक्सीन की भी भरपूर मात्रा में उपलब्धता है। पांच हजार से अधिक पशुधन भी प्रभावित है, जिनके लिए भी राहत कार्य किया जा रहा है। उन्‍होने बताया कि कुछ किसानों सूखे से भी दलहन, तिलहन, सब्जी आदि की फसलों का नुकसान हुआ है। कृषि और उद्यान विभाग को किसानों को दलहन, तिलहन, सब्जी आदि के बीज उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। केबिनेट में दो हजार कुंतल तोरई के बीज वितरित करने का फैसला लिया गया है। इसके पूर्व सीएम ने मौजूद बाढ़ पीड़ितों से मिले तथा उन्हें राहत सामग्री से भरा किट प्रदान किया। इस मौके पर बलिया के सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व विधायक अलका राय, संगीता बलवंत, सुनीत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

About Post Author