June 25, 2025

गंगा सहित सहायक नदियों का कहर जारी, चपेट में है तीन सौ गांव

IMG-20220828-WA0029

गंगा सहित सहायक नदियों का कहर जारी, चपेट में है तीन सौ गांव

गाजीपुर। जिले में गंगा तथा उसकी सहायक नदियों का कहर जारी है। हालत यह है कि पांच तहसीलों के करीब तीन सौ गांव बाढ़ की चपेट में आ गए है। रविवार को भी गंगा में बढ़ाव का क्रम जारी था और दो बजे तक दो सेमी प्रति घंटा की रफ्तार बनी हुई थी। जलस्तर भी 64.100 मीटर हो गया था, जो काफी भयावह है। बाढ़ का पानी लगातार गांवों में पसरता जा रहा है। उधर गांवों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। तीन दिनों से जलमग्न फसलें अब सड़ने लगी है। लोग सड़कों तथा खुले आसमान के नीचे रह रहे हैं तथा अधिकतर लोग बीमार भी पड़ने लगे है।

कठवामोड़ के बेसो नदी भी कहर बरपाने लगी है। पानी पसरते हुए करीब एक दर्जन गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है, जहां लोगों का जीवन दुश्वार होता जा रहा है। शहर के ददरीघाट, कलेक्टर घाट, पोस्ताघाट, स्टीमरघाट, बड़ा महादेवा घाट में पानी अब सड़को पर आने वाला है। सीढ़ियां पानी में डूब गई है। प्रशासन की ओर से भी बाढ़ राहत शिविर, नाव, नाविक आदि का इंतजाम तो किया गया है, लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहा है।

लोगों का कहना है कि कोई सुविधा नहीं मिल रही है। हालांकि अधिकारी भी लगातार भ्रमण कर बाढ़ का जायजा ले रहे है। रेवतीपुर में नीचले इलाकों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। कामाख्या धाम मार्ग, रेवतीपुर रामपुर मार्ग, हसनपुरा रेवतीपुर मार्ग, टौगा रेवतीपुर मार्ग आदि पूरी तरह पानी की चपेट में आ गया है। गंगा किनारे से बहुत से पशुपालक अपने पशुओं को लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच रहे हैं।

वहीं क्षेत्र में बोया गया केला के साथ उर्दी, भतुआ, कोहड़ा व मिर्च, टमाटर के बीज सहित भारी मात्रा में फसलों का नुकसान हो रहा है। रपुर, अठहठा, विरउपुर, हसनपुरा, कल्याणपुर उर्फ साधोपुर, रामपुर आदि की हालत लगातार खराब होती जा रही है। सैदपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के गौरी गौरहट, तेतारपुर, पटना और खरौना में पानी प्रवेश कर गया है। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के गौसपुर से बीरपुर तक लगभग 20 किमी क्षेत्र में गंगा किनारे के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को बाढ़ का खतरा सताने लगा है। बच्छल का पुरा, सेमरा, शेरपुर, गौसपुर, फिरोजपुर के सिवान में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। जिससे गंगा तट के गांवों मे परवल, बाजरा और अरहर की खेती को नुकसान पहुंचा है।

जमानिया क्षेत्र में गंगा के रौद्र रूप से तटवर्ती इलाकों के गावों की दशा दयनीय होती जा रही है। लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर रहे है। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के निर्देश पर प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने बाढ़ प्रभावित इलाकों मतसा, जीवपुर, रघुनाथ, देवरिया का नाव द्वारा दौरा कर बाढ़ का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बाढ़ की भयावह स्थिति के कारण लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है तथा पशुओं के चारे का संकट उत्पन्न हो गया है। हरा चारा व भूसा बाढ़ की भेट चढ़ गया। ऐसी स्थिति में प्रशासन से उन्होंने मांग किया कि पर्याप्त पशुओं के लिए चारा व बाढ़ प्रभावित प्रत्येक गाँवों को जरूरत के अनुसार नाव तथा जनरेटर में तेल की तत्काल व्यवस्था की जाय।

About Post Author