मुख्यमंत्री योगी से मिले सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, इन विन्दुओं पर हुई बात

मुख्यमंत्री योगी से मिले सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, इन विन्दुओं पर हुई बात
बलिया। जिले के चहुमुखी विकास का संकल्प लिए सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर जनपद की समस्याओं को रखा। उनके समाधान के लिए मार्गदर्शन के साथ-साथ कार्य योजनाओं को मंजूर करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने बलिया के विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त को दिया है। सांसद ने सन् 1942 में बलिया को आजाद कराने वाले अमर शहीद सेनानियों सहित अन्य आंदोलनों में शामिल स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांवों को विकास के मामले में संतृप्त करने तथा गांव का सुंदरीकरण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। साथ ही किसानो की आमदनी को दुगना करने, गंगा किनारे गांव में ऑर्गेनिक खेती, परसिया स्थित पराशर धाम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने, उनसे गोबर की सरकारी खरीद के अलावा जल संरक्षण के कार्यों पर भी मुख्यमंत्री के समक्ष योजनाओं को रखा और हो रहे विकास कार्यों का भी विवरण उन्हें प्रस्तुत किया।
कटहल नाला व भागड़ नाला की साफ-सफाई और सुंदरीकरण का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त को हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि बलिया के चौमुखी विकास के लिए धन का अभाव नहीं होने दिया जाएगा। जनोपयोगी व जनहित के लिए विकास कार्य शुरू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आदेश मुख्यमंत्री ने दिया है। मुख्यमंत्री के आत्मीय व्यवहार व सभी जनोपयोगी कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने देने की भरोसा से काफी खुश वीरेंद्र सिंह मस्त ने बताया कि बलिया का विकास अब और तेजी से होगा। महाराज जी ने इसके लिए हमारे उम्मीद से अधिक भरोसा दिया है।